
Teacher death in road accident
अंबिकापुर. स्कूल से छुट्टी के बाद गुरुवार की शाम बाइक से घर लौट रहे शिक्षक को तेज रफ्तार बस ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में शिक्षक बाइक सहित बस के नीचे फंस गया। इस दौरान बस ने भी रफ्तार कम नहीं की और घसीटता हुआ ले जाकर स्वागत गेट की रेलिंग से टकरा गया।
हादसे में सिर में चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस द्वारा उसे अस्पताल ले जाया गया। यहां जांच पश्चात डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर पुलिस ने बस को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
अंबिकापुर के मायापुर निवासी मो. शमीम अंसारी पिता स्व. अलीमुद्दीन अंसारी 42 वर्ष बतौली के लगे बरगीडीह हायर सेकेंडरी स्कूल में व्याख्याता पंचायत के पद पर पदस्थ थे। गुरुवार को स्कूल से छुट्टी के बाद वे अपनी डिस्कवर बाइक क्रमांक सीजी 15 सीआर- 1362 से घर लौट रहे थे।
शाम करीब 5 बजे वे अंबिकापुर से लगे दरिमा मोड़ के पास पहुंचे ही थे कि सामने से तेज रफ्तार में आ रही दुर्गा बस क्रमांक सीजी 15 ए-8670 ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर से शिक्षक बाइक सहित बस के नीचे जा फंसे। इस दौरान बस चालक ने रफ्तार कम नहीं की और दरिमा मोड़ से पहले स्वागत द्वार की रेलिंग से जा टकराया।
हादसे में शिक्षक के सिर में गंभीर चोट लगी थी तथा पैर भी बुरी तरह से कुचल गया था। बाइक भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। वहां मौजूद लोगों ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और निजी वाहन से उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। यहां जांच पश्चात डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इधर पुलिस ने बस को जब्त कर चालक के खिलाफ धारा 304ए के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है।
घर में पसरा मातम
सड़क दुर्घटना में शिक्षक की मौत से उनके परिजन में मातम पसर गया है। पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर मौत की खबर सुनकर काफी संख्या में शिक्षक भी अस्पताल पहुंचे थे।
Published on:
5 Jul 2018, 8:58 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.