20 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

इलाज कराकर लौट रहे दंपती के साथ हुआ दर्दनाक हादसा, पत्नी की तड़पकर हो गई मौत

हादसे में पति को आईं मामूली चोट, गंभीर रूप से घायल पत्नी ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल में तोड़ा दम

2 min read
Google source verification
Road accident

Road accident

अंबिकापुर. रामानुजगंज में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में इलाज कराने रविवार की दोपहर पति-पत्नी पहुंचे थे। यहां से बाइक से दोनों वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में पत्नी के सिर में चोट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

उसे इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर कर दिया गया। इसके बाद पति द्वारा उसे अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान शाम को उसकी मौत हो गई। हादसे में पति को मामूली चोटें आई हैं। इधर पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है।


बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के रामचंद्रपुर थानांतर्गत ग्राम बिशुनपुर निवासी शकुंतला 34 वर्ष रविवार की दोपहर अपने पति विजय प्रताप के साथ रामानुजगंज में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में जांच कराने आई थी। पति-पत्नी जांच कराकर बाइक से घर लौट रहे थे।

वे करीब 4 बजे रामानुजगंज स्वास्थ्य केंद्र के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर जा गिरे। हादसे में पत्नी के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि पति को मामूली चोट लगी। मौके पर मौजूद लोगों द्वारा दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

यहां प्राथमिक उपचार के बाद पत्नी की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद घायल पत्नी को लेकर पति अंबिकापुर के मिशन अस्पताल में भर्ती कराया।

यहां इलाज के दौरान देर शाम उसकी मौत हो गई। पत्नी की मौत से पति सदमे में है। सोमवार को पुलिस ने पंचनामा व पीएम पश्चात शव परिजन को सौंप दिया है। इधर पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है।