3 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बोलेरो चोरी के खुलासे की अजब-गजब कहानी सुनकर आप भी रह जाएंगे हैरान- पढ़ें पत्रिका के पुलिस से 4 सवाल

एएसपी को पता ही नहीं कब हो गया खुलासा, एक बोलेरो व आरोपी को बिहार से लेकर लौटी पुलिस, एक ही दिन शहर से चोरी हुई थी 2 बोलेरो

3 min read
Google source verification
Police of Bolero

Police with Bolero

अंबिकापुर. 20 फरवरी को बौरीपारा के एक ही मोहल्ले से चोरी गई दो बोलेरो में से एक बरामद कर लौटी पुलिस ने शनिवार को बड़े ही नाटकीय ढंग से पूरे मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी बताकर जारी की गई प्रेस विज्ञप्ति में जो कहानी लिखी है, वह किसी के गले नहीं उतर रही है।

आश्चर्य की बात यह है कि कोतवाली पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए प्रेस विज्ञप्ति जारी की और इसकी जानकारी वहां के थाना प्रभारी व एडिशनल एसपी को तक को नहीं है। पुलिस द्वारा बताई गई कहानी के अनुसार बिहार के बक्सर से पकड़े गए आरोपी से एक बोलेरो बरामद हुई है तथा दूसरे बोलेरो के बारे में भी इसी से पूछताछ की जा रही है।

गौरतलब है कि पुलिस लाइन में पदस्थ प्रधान आरक्षक बौरीपारा रिंग रोड निवासी सत्यनारायण यादव की बोलेरो क्रमांक सीजी 15 सीएल-5880 व इसी मोहल्ले में रहने वाले दुर्गा प्रसाद गुप्ता की बोलेरो क्रमांक सीजी 15 बी-4630 को 20 फरवरी की रात अज्ञात चोरों ने पार कर दी थी। एक ही रात में दो बोलेरो के चोरी होने से पुलिस के होश उड़ गए थे।

आरोपियों की पतासाजी हेतु एसपी सदानंद कुमार मार्गदर्शन में एएसपी रामकृष्ण साहू व सीएसपी आरएन यादव के नेतृत्व में कोतवाली व क्राइम ब्रांच की टीम को लगाया गया था। शहर में लगे विभिन्न सीसीटीवी कैमरों के आधार पर वाहन चोरों के बिहार की ओर जाने का सुराग मिलने पर पुलिस व क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम बिहार रवाना हुई थी। यहां पुलिस को सफलता भी हाथ लगी।

पुलिस टीम ने बक्सर औद्योगिक थाना क्षेत्र के ग्राम दहिवर में दबिश देकर स्थानीय निवासी 25 वर्षीय बबलू कुमार वर्मा उर्फ चंद्रशेखर प्रसाद पिता शिवशंकर को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी की एक बोलेरो क्रमांक सीजी 15 बी 4630 को बरामद किया।

इस कार्रवाई में कोतवाली थाना से निरीक्षक विनय सिंह बघेल, एएसआई अजीत मिश्रा, गांधीनगर थाना से आरक्षक राकेश मिश्रा, प्रवींद्र सिंह, राहुल सिंह, क्राइम ब्रांच प्रभारी भूपेश सिंह, प्रधानआरक्षक रामअवध सिंह, आरक्षक राकेश शर्मा, जयदीप सिंह, जितेश साहू, अमित विश्वकर्मा, नितिन साहू, साइबर सेल प्रभारी धर्मेंद्र श्रीवास्तव, विरेंद्र पैंकरा, अंशुल शर्मा, अनुज जायसवाल, मनीष यादव व महिला आरक्षक स्मिता रागिनी शामिल रहे।


पुलिस की जरा कहानी सुनिए
एक आरोपी व बोलेरो के साथ वापस पहुंची पुलिस ने शनिवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मामले का खुलासा कर दिया। इसमें बताई गई कहानी के अनुसार आरोपी बबलू कुमार वर्मा के पास से सीजी 15 बी 4630 बरामद हुई है। इससे चोरी गई दूसरी बोलेरो क्रमांक सीजी 15 सीएल 5880 के संबंध में पूछताछ की गई तो उसने इस वाहन को फोन से बात कर दूसरे व्यक्ति को बेचने हेतु देना बताया।

लेकिन उसके नाम-पता की जानकारी नहीं बता रहा है। अभी आरोपी को पुलिस रिमांड में लेकर दूसरे बोलेरो की बरामदगी हेतु पूछताछ जारी है। पुलिस की ये कहानी किसी के भी गले नहीं उतर रही है।


पत्रिका के सवाल
1. पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति में कहीं नहीं बताया है वारदात में कितने आरोपी शामिल थे, नाम की गोपनीयता तो समझ में आती है, लेकिन संख्या क्यों नहीं बताई गई।
2. पकड़े गए आरोपी ने जिस मोबाइल नंबर पर दूसरी बोलेरो को बेचने हेतु बात की है तो पुलिस की कहानी के अनुसार आखिर उसके नाम-पता की जानकारी उसे कैसे नहीं है।
3. इतने बड़े मामले की जानकारी एडिशनल एसपी व कोतवाली का प्रभार देख रहे एसआई को क्यों नहीं है।
4. पुलिस द्वारा जारी विज्ञप्ति में कार्रवाई एएसपी रामकृष्ण साहू व सीएसपी आरएन यादव के नेतृत्व में होना बताया जा रहा है और खुलासे की जानकारी एएसपी को क्यों नहीं है।


नहीं है जानकारी
हमें जानकारी नहीं है, अधिकारी आएंगे तो बताएंगे, जिसने विज्ञप्ति जारी की है, उससे जानकारी ले लीजिए।
नागेंद्र तिवारी, थाना प्रभारी कोतवाली


मुझे नहीं मालूम, सीएसपी से बात कर लीजिए
विज्ञप्ति आई है क्या, मुझे तो कुछ मालूम ही नहीं है। एक काम कीजिए सीएसपी से बात कर लीजिए।
रामकृष्ण साहू, एडिशनल एसपी

बड़ी खबरें

View All

अंबिकापुर

छत्तीसगढ़

ट्रेंडिंग