
ट्रंप के आलोचकों को मिल रहे पाइप बम, आॅपरेशन चलाकर दोषी को पकड़ने की हो रही कोशिश
वॉशिंगटन। अमरीका में इनदिनों राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आलोचकों और डेमोक्रैटिक नेताओं को पाइप बम भेजे जाने से हड़कंप मचा हुआ है। न्यूयॉर्क से लेकर लॉस एंजिलिस तक देसी तरीके से बनाए गए कम से कम 10 पाइप बम बरामद किए गए हैं। पाइप बम को पाने वालों में पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन भी शामिल हैं। खास बात यह है कि ये बम जिन लोगों को भेजे गए हैं,उनमें से ज्यादातर ट्रंप की नीतियों के प्रबल विरोधी हैं। एक के बाद एक पैकेट मिलने के बाद अब पूरे अमरीका में ऑपरेशन चला रहे हैं, जिससे उस शख्स तक पहुंचा जा सके,जो ऐसे पैकेट भेज रहा है।
पूर्व उपराष्ट्रपति को भी भेजे गए
सर्च की दिशा अब दक्षिणी फ्लोरिडा की तरफ केंद्रित हो गई है। जांचकर्ताओं का मानना है कि बड़ी संख्या में विस्फोटक डिवाइसेज यहीं से भेजी गई हैं। गुरुवार सुबह भी तीन और लिफाफे बरामद हुए हैं,जो अमरीका के पूर्व उपराष्ट्रपति जोसेफ आर.बाइडेन और जानेमाने अभिनेता रॉबर्ट डी नीरो को भेजे गए थे। इतना सब होने के बाद भी अबतक किसी को कुछ पता नहीं चल रहा है कि पाइप बम कौन भेज रहा है और उसकी मंशा क्या है?
संदिग्ध पाउडर भी भेजा गया
गौर करने वाली बात यह है कि अमेरिका में जितने भी लोगों को ये पैकेट भेजे गए हैं, उनमें काफी समानताएं हैं। सभी को भेजे गए लिफाफे में PVC पाइप थी,जिसमें संदिग्ध पाउडर भेजा गया। पाइप के साथ एक छोटी सी बैटरी, एक डिजिटल घड़ी और एक इनिशिटर (जिससे बम में धमाका किया जाता है) भी लगा मिला है।
किसी भी डिवाइस में विस्फोट नहीं हुआ
हालांकि अब तक किसी भी डिवाइस में विस्फोट नहीं हुआ है। अधिकारी इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या इन्हें सिर्फ डराने के लिए भेजा गया है। सवाल यह भी है कि क्या इन डिवाइस में धमाका हो सकता है? बम के कुछ जानकारों ने सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही डिवाइस की तस्वीरें देखी हैं। उनका कहना है कि यह एक तरह की फर्जी डिवाइस है जिसे टेलिविजन और फिल्मों में भी दिखाया जाता है।
Updated on:
26 Oct 2018 12:03 pm
Published on:
26 Oct 2018 12:02 pm
बड़ी खबरें
View Allअमरीका
विदेश
ट्रेंडिंग
