मामला अशोकनगर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे का है। गुना की तरफ से खाली मालगाड़ी बीना तरफ जाने के लिए स्टेशन से तेज रफ्तार में निकल रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो, जीआरपी थाने के पास अचानक मालगाड़ी की कपलिंग खुल गई और इंजन वाला हिस्सा माता मंदिर से आगे तक पहुंच गया, जबकि शेष हिस्सा यहीं रह गया। गार्ड ने तुरंत ही ड्राइवर व स्टेशन मास्टर को सूचना दी, तो ड्राइवर ने तुरंत ही मालगाड़ी को ब्रेक लगाकर रोका और जीआरपी थाने के सामने तक मालगाड़ी को वापस लाया गया, जहां पर कपलिंग लगाकर शेष हिस्से को जोड़ा गया और इसके बाद मालगाड़ी फिर से रवाना हो सकी।