
अफगानिस्तान : आतंकियों का पुलिस टीम पर हमला, 15 की मौत
काबुल: अफगानिस्तान के दो प्रांतों में भीषण संघर्षो में 27 सुरक्षाकर्मी मारे गए। अधिकारियों मे सोमवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि बादगीस प्रांत की राजधानी कला-ए-नौ में तालिबानी आतंकवादियों द्वारा किए गए एक हमले में पांच पुलिस अधिकारी मारे गए। ईरान की सीमा से लगे फराह प्रांत के पुश्त रोड जिले के गजजिन गांव में रविवार रात संघर्ष छिड़ने के बाद 10 पुलिस अधिकारी मारे गए। इसके अलावा तालिबान आतंकियों ने बुलूक जिले में हमला कर सात जवानों को मौत के घात उतार दिया। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि सोमवार सुबह हुए मुठभेड़ में 22 आतंकी भी मारे गए और 16 अन्य घायल हो गए। अधिकारी के अनुसार, तालिबानी आतंकवादियों ने इलाके में सुरक्षा जांच चौकियों को तबाह करने से पहले चौकियों पर हमला कर हथियार और गोला-बारूद हड़प लिए।
दो पुलिस अधिकारी लापता
पुलिस और आतंकियों के बीच जारी मुठभेड़ के बाद दो पुलिस अधिकारी लापता हो गए। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि तालिबान ने इन पुलिस अधिकारियों का अपहरण किया है। फिलहाल सुरक्षाकर्मी लापता पुलिस अधिकारियों की तलाश कर रहे हैं लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
विस्फोट में दो सुरक्षाकर्मी की मौत
इससे पहले शनिवार को अफगानिस्तान के परवान प्रांत में एक विस्फोट में दो सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई थी जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दरअसल परवान प्रांत की राजधानी चरिकार के बाहरी इलाके में खलजाई क्षेत्र में सड़क पर सुरक्षाकर्मी एक विस्फोटक को निष्क्रिय कर रहे थे तभी विस्फोट हो गया। आतंकवादी संगठन तालिबान ने हमले की जिम्मेदारी लेते हुए दावा किया कि धमाके में सुरक्षा बलों का एक वाहन उड़ गया है और इसमें कई लोगों की मौत हो गई।
Updated on:
17 Sep 2018, 9:02 PM IST
Published on:
17 Sep 2018, 3:34 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.