काबुल। अफगानिस्तान ( Afghanistan ) में सरकार समर्थित सुरक्षा बलों ( Security forces ) और तालिबानी ( Taliban ) आतंकियों के बीच लगातार संघर्ष का दौर चल रहा है। इस बीच अफगानिस्तान के नांगरहार प्रांत ( Nangarhar Province ) में 'अफगान यूनिफॉर्म' पहने एक संदिग्ध ने अमरीका ( America ) और अफगानिस्तान के संयुक्त बल पर अंधाधुंध गोलियां ( Firing ) चला दी।
गोलीबारी की इस घटना में दो अमरीकी सैनिकों की मौत हो गई। टोलो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, शेरजाद जिले में शनिवार रात यह घटना हुई।
अमरीकी सेना के प्रवक्ता कर्नल सोनी लेग्गेट ( Spokesman Colonel Soni Leggett ) ने शनिवार रात एक बयान में कहा कि जिला केंद्र में एक प्रमुख नेता के कार्यक्रम का आयोजन हो रहा था। वर्तमान रिपोटरें से संकेत मिलता है कि अफगान यूनिफॉर्म में एक शख्स ने अमेरिका और अफगान संयुक्त बल पर एक मशीनगन से फायरिंग की।
हमले की वजह जानने के लिए जांच जारी
लेग्गेट ने यह भी पुष्टि की कि अमरीका के छह सैनिक गोली लगने से घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि हमले के पीछे की वजह जानने के लिए जांच चल रही है।
एक फेसबुक पोस्ट में, नांगरहार के गवर्नर शाह महमूद मियाखेल ने लिखा ‘(अफगान) आर्मी स्पेशल फोर्स और रेजलूट सपोर्ट के जवानों ने जिले में प्रवेश किया। जब उन्होंने प्रवेश किया तो किसी ने उन पर गोली चलानी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया।’
उन्होंने आगे यह भी लिखा है कि गोलीबारी में तीन (अफगान) कमांडो घायल हो गए और कई आरएस (रेजलूट सपोर्ट) सैनिक भी घायल हो गए।'