
हाफिज सईद से परेशान चीन ने पाकिस्तान से कहा, 'इसको बाहर निकालो'
नई दिल्ली। भारत के लिए सालों से मुसीबत का सबब बना पाकिस्तानी आतंकी जमात-उद-दावा प्रमुख हाफिज सईद अब चीन के लिए भी मुसीबत बन गया है। अक्सर वैश्विक मंचों पर आतंकियों की वकालत करने वाले चीन ने अब हाफिज को लेकर पाकिस्तान से बात की है। एक रिपोर्ट के मुताबिक हाफिज से परेशान चीन ने पाकिस्तान से कहा है कि उसे किसी दूसरे देश भेज दें ताकि पश्चिम एशिया के देश चैन से जिंदगी जी सके। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहिद खाकान अब्बासी से इसके लिए रास्ते तलाशने को कहा है।
35 मिनट तक हुई जिनपिंग-अब्बासी की मुलाकात
एक एशियाई सम्मेलन के इतर दोनों नेताओं के बीच करीब 35 मिनट मुलाकात हुई, जिसमें से 10 मिनट तक हाफिज सईद पर ही चर्चा होती रही। चीनी राष्ट्रपति ने इस दौरान पाकिस्तानी पीएम से सईद को सुर्खियों से दूर करने के लिए जल्द उपाय निकालने को कहा। हालांकि अब्बासी का कार्यकाल 31 मई को खत्म हो रहा है, ऐसे में माना जा रहा है कि इस मामले पर अब अगली सरकार ही कोई फैसला लेगी।
आतंकवाद को लेकर लगातार बैकफुट पर पाकिस्तान
गौरतलब है कि हाल ही में पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने एक साक्षात्कार के दौरान यह स्वीकार किया था कि उनके देश में कई आतंकी संगठन हैं और मुंबई पर हुए हमले के लिए भी पाकिस्तानी आतंकी ही जिम्मेदार हैं। इसके पहले भारत की तरफ से लगातार पाकिस्तान की पोल खोली जाती रही है। हालांकि इससे पहले भारत ने अजहर मसूद को वैश्विक आतंकी घोषित करने की मांग की थी लेकिन चीन ने इसमें अड़ंगा लगा दिया था।
हाफिज को नहीं थी चीन के ऐसा करने की उम्मीद
हाफिज सईद ने हाल ही में चीन की तरफ से उस पर कोई प्रतिबंध लगाने की संभावना को खारिज कर दिया था। गौर करने वाली बात यह है कि हाफिज सईद को भारत, अमरीका और संयुक्त राष्ट्र ने वैश्विक आतंकी घोषित कर रखा है। अमरीका ने हाफिज पर पांच लाख डॉलर का इनाम भी घोषित किया है। हालांकि इस सबके बावजूद पाकिस्तान में हाफिज खुले आम सभाएं भी करता है और भाषण भी देता है। वैश्विक दबाव के चलते पाकिस्तान सरकार ने पिछले साल हाफिज को नौ महीनों तक नजरबंद कर रखा था, लेकिन लाहौर हाईकोर्ट के आदेश के बाद उसे छोड़ना पड़ा।
Published on:
24 May 2018, 12:36 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.