
पाकिस्तान पहुंचे नवाज-मरियम, लाहौर एयरपोर्ट पर हुई गिरफ्तारी
इस्लामाबाद। पााकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ और उसकी बेटी मरियम नवाज स्वेदश वापस लौट आए हैं। नवाज और उनकी बेटी को लाहौर एयरपोर्ट से ही गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों को रावलपिंडी की अदियाला सेंट्रल जेल में रखा गया है। शनिवार को NAB कोर्ट में नवाज शरीफ को पेश किया जाएगा। पाक मीडिया के मुताबिक पंजाब सूबे में इंटरनेट सर्विस पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। आपको बता दें कि पाकिस्तान की एक अदालत ने बीते 6 जुलाई को लंदन में पॉश एवेनफील्ड हाउस में चार फ्लैटों के स्वामित्व से जुड़े एवेनफील्ड भ्रष्टाचार मामले में नवाज शरीफ को 10 साल और उनकी बेटी मरियम को 7 साल की सजा सुनाई थी। वहीं पाकिस्तान में हालात बिगड़ने से रोकने के लिए शरीफ की पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के 250से ज्यादा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है।
गंवा चुके हैं सियासी साख
नवाज शरीफ को पनामा पेपर मामले में प्रधानमंत्री पद से अयोग्य ठहराकर बर्खास्त कर दिया गया था। बता दें कि सजा का ऐलान होने के बाद नवाज शरीफ ऐसे समय पर वतन लौट रहे हैं जब देश में आम चुनाव होने वाले हैं और ऐसा बताया जा रहा है कि चुनाव के मद्देनजर ही नवाज स्वदेश लौट रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि नवाज की पार्टी पीएमएल (एन) को इस चुनाव में फायदा मिल सके इसलिए वे वतन लौट रहे हैं।
लंदन से निकलने से पहले दिया था ये भावुक बयान
गौरतलब है कि पाकिस्तान रवाना होने से पहले नवाज ने कहा, 'अपनी बीमार बीवी को लंदन में अल्लाह के भरोसे छोड़ रहा हूं और जेल में डाले जाने या फांसी पर चढ़ाए जाने की परवाह किए बगैर पाकिस्तान लौट रहा हूं।' बेटी मरियम के साथ लंदन छोड़ने से पहले शरीफ ने यह भी कहा कि वो अपनी पत्नी को फिर से आंखें खोलते हुए देखना चाहते हैं और देश से उनके शीघ्र स्वस्थ होने के लिए दुआ करने का अनुरोध करते हैं। आपको बता दें कि नवाज की पत्नी कुलसुम को गले में कैंसर है। वे लंबे समय से लंदन में इलाज करा रही हैं। उन्हें पिछले सा ल इस बीमारी का पता चला था।
Published on:
13 Jul 2018 10:16 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
