
पाकिस्तान ने भारत पर मढ़ा आरोप, वार्ता रद्द करने के लिए बना रहा बहाने
इस्लामाबाद। पाकिस्तान ने गुरुवार को कहा कि भारत और पाकिस्तान के विदेश मंत्रियों की न्यूयॉर्क में होने वाली बैठक रद्द होना निराशाजनक है। पाकिस्तान ने कहा कि हल्के बहानों के आधार पर बैठक रद्द किया जाना निराशाजनक है। पाकिस्तान ने इस बात पर जोर दिया कि वह भारत के साथ समानता,परस्पर सम्मान और परस्पर लाभ के आधार पर शांतिपूर्ण और अच्छे पड़ोसी वाले संबंध चाहता है। वह चाहता है कि भारत से उसे बेहतर रिश्ते कायम हो सके।
जबरदस्ती बातचीत करने के लिए बाध्य नहीं कर सकते
गौरतलब है कि भारत ने गत महीने दोनों देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक जम्मू कश्मीर में तीन पुलिसकर्मियों की नृशंस हत्या और इस्लामाबाद द्वारा कश्मीरी आतंकवादी बुरहान वानी का महिमामंडन करते हुए डाक टिकट जारी करने का उल्लेख करते हुए रद्द कर दिया था। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मुहम्मद फैजल ने कहा कि वे किसी भी देश को बातचीत करने के लिए बाध्य नहीं कर सकते। भारत पहले तैयार हुआ और 24 घंटे से भी कम समय में अपनी सहमति वापस ले ली।
हमेशा ही भारत के साथ शांतिपूर्ण संबंध चाहे हैं
दोनों देशों के संबंधों में 2016 में हुए सर्जिकल स्ट्राइक के बाद ज्यादा तनाव देखने को मिला। पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठनों द्वारा आतंकवादी हमलों और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में भारत द्वारा सर्जिकल स्ट्राइक के बाद तनाव आ गया था। फैजल ने कहा कि हमने औपचारिक रूप से घोषणा की है कि हम अपने सभी विवादों को हल करने के लिए भारत के साथ बातचीत के लिए तैयार हैं लेकिन जैसा कि आपको पता है कि ताली दो हाथों से बजती है। दक्षेस सम्मेलन पर फैजल ने कहा कि दक्षेस सम्मेलन पाकिस्तान में कराने के मुद्दे पर भारत को छोड़कर सभी सदस्य देशों का रूख सकारात्मक है।
Updated on:
12 Oct 2018, 11:20 AM IST
Published on:
12 Oct 2018, 11:20 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.