मलेशिया: मंदिर निर्माण को लेकर हिंसा, भारतीय श्रद्धालुओं पर हमला
मलेशिया में भी मंदिर निर्माण को लेकर हिंसा भड़क उठी। इस मामले में अब तक 21 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के अनुसार- यह विवाद एक भारतीय मंदिर को कुआलालंपुर के बाहर प्रतिस्थापित करने को लेकर हुआ। इसके बाद हिंसा भड़क गई। एक मीडिया रिपोर्ट में पुलिस के हवाले से कहा गया है कि मध्य सेलंगोर प्रांत के सुबंग जया उपनगर स्थित श्री महा मरिअम्मन मंदिर में तड़के भारतीय श्रद्धालु पूजा-अर्चना कर रहे थे। इस दौरान घुसपैठियों के एक समूह ने उन पर हमला बोल दिया और मंदिर के बाहर खड़े उनके वाहनों को जला दिया।
इसके बाद इस घटना ने दंगे का रूप ले लिया। अगले दिन पुरुषों के एक अन्य समूह ने जवाबी हमला किया और मंदिर के पास की प्रॉपर्टी डेवलपर एमसीटी बेरहाद के कार्यालय में तोड़फोड़ शुरू कर दी। वहां खड़े वाहनों को भी जला दिया।
बता दें, मंदिर की जमीन का मालिकाना हक एमसीटी के यूनिट वन सिटी डेवलपमेंट एसडीएन, बीएचडी, के पास है। यही नहीं, सौ वर्ष पुराने इस मंदिर को पास के क्षेत्र में प्रतिस्थापित करने के लिए कानूनी लड़ाई चल रही है।