
मूलांक 9 वाले लोगों को लग्जरी लाइफ पसंद है, इन लोगों का स्वभाव कैसा होता है यहां जानें
Mulank 9 Personality Career Fondness: अंक ज्योतिष को न्यूमरोलॉजी, अंक विद्या या अंक शास्त्र आदि नाम से जानते हैं। इसमें सभी नौ ग्रहों को आधार बनाकर, उनकी विशेषताओं के आधार पर गणना की जाती है। अंक शास्त्र के अनुसार एक से नौ तक के नंबर पर किसी न किसी ग्रह का असर होता है। यह ग्रह इन नबंर और इनसे जुड़े मनुष्य के जीवन पर भी प्रभाव डालते हैं।
अंक ज्योतिष के अनुसार जन्म के समय ग्रहों की जो स्थिति होती है, उसी के अनुसार इन 1 से नौ मूलांक के व्यक्ति का व्यक्तित्व निर्धारित हो जाता है और व्यक्ति के जीवन पर इसी अंक और अंक स्वामी ग्रह का सबसे अधिक प्रभाव पड़ता है। आज हम जानेंगे मूलांक 9 वालों की विशेषता यानी ऐसे लोग जिनका जन्म 9, 18 और 27 तारीख को हुआ है। मूलांक 9 वालों का स्वभाव, मूलांक 9 का करियर और मूलांक 9 वालों का वैवाहिक जीवन आदि..
अंक शास्त्र के अनुसार मूलांक 9 का स्वामी ग्रह मंगल हैं। मंगल ग्रह उत्साह और ऊर्जा का कारक हैं। इसलिए मूलांक 9 वाले लोग साहसी और मजबूती से फैसला लेने वाले होते हैं। इसी कारण मूलांक 9 वाले हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार रहते हैं और अपने फैसलों पर डटे रहते हैं। शारीरिक रूप से भी मूलांक 9 वाले शक्तिशाली होते हैं। अच्छी बात ये है कि इसके बाद भी ये विनम्र स्वभाव वाले होते हैं और लोगों से बातचीत करते समय शब्दों पर विशेष ध्यान देते हैं। इनके अच्छे व्यवहार के कारण लोग आसानी से इनके मुरीद बन जाते हैं।
मूलांक 9 वाले लोग प्रायः रचनात्मक प्रवृत्ति के होते हैं। ये लोग उच्च शिक्षा प्राप्त करते हैं और शिक्षा के क्षेत्र में काफी तरक्की करते हैं। इनकी कला और विज्ञान में काफी रूचि होती है। ये अपने काम पर खूब ध्यान देते हैं और जो काम शुरू करते हैं, उसे पूरा करके ही दम लेते हैं। इसके अलावा ये मूलांक 9 का करियर रियल एस्टेट, प्रॉपर्टी डीलिंग, मेडिकल या भूमि से जुड़े कार्यों में अच्छा रहता है। मूलांक 9 वाले लोग अपनी लाइफ में खूब पैसा और नाम कमाते हैं।
अंक ज्योतिष के अनुसार ऐसे लोग जिनका जन्म 9, 18 और 27 तारीख को हुआ है यानी जिनका मूलांक 9 होता है, उन लोगों की आर्थिक स्थिति काफी अच्छी रहती है। स्वभाव से मूलांक 9 वाले लोग खर्चीले होते हैं। इन मूलांक वालों के पास प्रॉपर्टी, जायदाद अच्छी होती है। ये लोग ससुराल से भी संपन्न होते हैं और कई बार ससुराल, सगे संबंधियों से अच्छी मदद पाते हैं। ये खूब धन कमाते हैं और खूब बचत करते हैं। मूलांक 9 के लोग खुद पर भरोसा रखते हैं और भविष्य की चिंता नहीं करते हैं। ये लोग प्रायः वर्तमान में जीते हैं और खुलकर जीना पसंद करते हैं। ये घूमने-फिरने पर खूब पैसा खर्च करते हैं। मूलांक 9 वालों को लग्जरी चीजों का बड़ा शौक (fond of luxury things) होता है।
मूलांक 9 वालों का पारिवारिक जीवन प्रायः अस्थिर रहता है। इनका भाई-बहनों से कई बार मनमुटाव हो जाता है। मूलांक 9 वालों के प्रेम संबंध स्थायी नहीं रहते हैं। गुस्से, स्वाभिमान या अभिमान के कारण भी इनका प्रेम संबंध प्रभावित होता है। विलासितापूर्ण जीवन इनके दांपत्य जीवन में परेशानियां लाता है। मूलांक 9 वाले अक्सर ऐसे ही काम करते हैं जिसमें थोड़ा जोखिम हो।
अंक शास्त्र के अनुसार मूलांक 9 के लोगों के लिए 9,18, 27 तारीख लकी होती है। यदि आप कोई भी नया कार्य या नया बिजनेस शुरू करना चाहते हैं तो आपके लिए यह तिथि शुभ रहेगी। इन तारीखों पर आपको अच्छे परिणाम प्राप्त हो सकते हैं। इस समय सफलता मिल सकती है। मूलांक 9 वालों के लिए लाल, नारंगी और गुलाबी रंग लकी होता है। ग्रहों के शुभ प्रभाव पाने के लिए या ग्रहों की स्थिति में सुधार लाने के लिए इन रंगों का इस्तेमाल करना चाहिए।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
26 Feb 2024, 2:36 PM IST
Published on:
26 Feb 2024, 2:31 PM IST
बड़ी खबरें
View Allधर्म/ज्योतिष




