
mulank 8
Numerology: ज्योतिष की विभिन्न विधाओं में से एक अंक ज्योतिष बेहद विशेष मानी जाती है। कुंडली ज्ञान, हस्तरेखा ज्योतिष के साथ ही अंक ज्योतिष का भी विशेष महत्व व्यक्ति के भविष्य को देखने में माना गया है।
ऐसे में आज हम आपको अंक ज्योतिष (Numerology) से जुड़े एक विशेष मूलांक के बारे में बता रहे हैं। अंक ज्योतिष के जानकार वीडी श्रीवास्तव के अनुसार अंक ज्योतिष में 1 से 9 तक मूलांक होते है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति का जन्म इन्हीं में से किसी एक मूलांक में होता है।
जैसे 27 तारीख को पैदा हुए जातक का मूलांक 2+7=9 होता है। वहीं कोई न कोई ग्रह इस हर मूलांक का स्वामी होता है। जहां तक मूलांक 8 की बात है, तो इस मूलांक का सीधा संबंध शनि ग्रह से होता है।
शनि के प्रभाव से इस मूलांक वाले काफी मेहनती और ईमानदार होते हैं। ये किसी भी काम में मेहनत करके अपने कार्य में सफलता हासिल कर सकते हैं।
मूलांक 8 उन लोगों का होता है जिनका जन्म किसी भी माह की 8, 17 या 26 तारीख को होता है। अंक ज्योतिष के अनुसार मूलांक 8 वाले लोग रहस्यमयी होने के साथ ही कब क्या इनके मन में चल रहा है इस बात का कोई अंदाजा नहीं लगा सकता।
इन लोगों पर शनि देव की विशेष कृपा होती है, जिसकी मदद से ये जीवन में खूब लाभ कमाते हैं। ऐसे में जहां इनकी आर्थिक स्थिति अच्छी रहती है, वहीं ये धन बचाने में भी माहिर होते हैं। ये बेहद विचार करने के बाद ही धन खर्च करते हैं।
मूलांक 8 वालों को कठोर परिश्रम के बाद ही सफलता निश्चित मिलती है। दिल के साफ ये लोग शांत स्वभाव के भी होते हैं। इस मूलांक के जातक अधिकतर इंजीनियर या इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़े कार्य करते हैं। वहीं इस मूलांक के कई जातक अच्छे व्यापारी भी होते हैं और ये बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर, लौहे और ऑयल से जुड़ी वस्तुओं से काफी लाभ कमाते हैं।
वहीं यदि ये जातक पुलिस और सेना से जुड़े होते हैं, तो ये एक बार जिस काम को करने की ठान लेते हैं उसमें हर हालत में सफलता पाते हैं।
प्रेम संबंधों के मामले में मूलांक 8 वाले स्थायी नहीं रहते हैं। ये गंभीर स्वभाव के होने के साथ ही अपनी भावनाओं का खुलकर इजहार नहीं कर पाते। कई बार तो ये मन ही किसी को चाहने के बावजूद उसे बता नहीं पाते। अधिकतर इनका विवाह देरी से होता है, वहीं शादी के बाद इनकी अपने जीवनसाथी से भी अनबन होती रहती है।
Published on:
15 Feb 2022, 12:12 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.