
भोपाल। अगर आप भी अंकशास्त्र के हिसाब से अपना भविष्य जानना चाहते हैं तो हम आपको यहां बता रहे हैं कि अंक 3, 4 और 5 के लिए यह नया साल कैसा रहने वाला है। ज्योतिषाचार्य और अंकशास्त्री अंजना गुप्ता से जानें अंकशास्त्र के हिसाब से कैसा रहने वाला है आपका नया साल 2023...
मूलांक 3 : वार्षिक राशिफल 2023
अंक ज्योतिष के अनुसार, किसी का जन्म किसी भी महीने की 3, 12, या 21 तारीख को हुआ है, उनका मूलांक 3 होगा। अंक ज्योतिष के मुताबिक, मूलांक 3 के स्वामी ग्रह बृहस्पति है। मूलांक 3 के लोग बुद्धिमान होने के साथ-साथ लिखने-पढऩे में बहुत होशियार होते हैं। अपने जीवन में उच्च शिक्षा प्राप्त करते हैं। मूलांक 3 के छात्र बहुत मेहनती होते हैं। ये लोग प्रेम संबंधों में काफी लंबे समय तक साथ निभाते हैं।
मूलांक 3 : वार्षिक राशिफल 2023: लव लाइफ/वैवाहिक स्थिति
अंक ज्योतिष के अनुसार, मूलांक 3 के लोगों के लिए नया साल लव लाइफ और रिलेशनशिप के मामले में बहुत अच्छा रहेगा। जो लोग विवाह के योग्य हैं, उनके विवाह संबंधी वार्तालाप सकारात्मक परिणाम देंगा। उन्हें मनचाहा साथी मिलने की प्रबल संभावना है। जो लोग पहले से ही प्यार में हैं उनके लिए यह साल बहुत अच्छा रहेगा। किसी विशेष समारोह में परिवार के साथ शामिल होंगे। दांपत्य जीवन में घर में संतान की किसी बात को लेकर विवाद बढ़ सकता है।
मूलांक 3 : वार्षिक राशिफल 2023: कॅरियर और व्यापार
नए साल में कार्यक्षेत्र में तरक्की वाला होगा। जैसे-जैसे साल आगे बढ़ेगा वैसे-वैसे आपके जीवन में सफलता के मार्ग भी खुलेंगे। अपने निर्णय के मुताबिक, निवेश करेंगे तो धनलाभ होगा। कार्य स्थल पर सभी का सहयोग मिलेगा लेकिन, किसी भी सहयोगी और उच्चाधिकारियों से वाद-विवाद न करें।
मूलांक 3 : वार्षिक राशिफल 2023: सेहत
इस साल आपकी सेहत में धीरे-धीरे सुधार होगा। जीवन में सुख सुविधाओं में वृद्धि के द्वार खुलेंगे। नई जिम्मेदारियों का निर्वहन करना पड़ सकता है। ये आपके लिए लाभदायी होगा।
मूलांक 4 : वार्षिक राशिफल 2023
अंक ज्योतिष में 4 मूलांक का विशेष महत्व माना जाता है। जिन लोगों का जन्म किसी भी माह की 4,13,22, 31 तारीख को हुआ है तो उनका मूलांक 4 है। मूलांक 4 राहु का प्रतिनिधित्व करता है। आमतौर पर मूलांक 4 वाले लोग महान क्रांतिकारी, वैज्ञानिक या राजनीतिज्ञ होते हैं। हालांकि इस अंक वालों में घमंड, उपद्रव, अहंकार और हठ भी खूब होता है। ये लोग साहसी, कुशल व्यवहार वाले होते हैं। वहीं हर काम में निपुण होते हैं। अपने लक्ष्यों के प्रति प्रतिबद्ध होते हैं और अपनी कड़ी मेहनत से उसे पाने में कामयाब हो जाते हैं।
मूलांक 4 : वार्षिक राशिफल 2023: कॅरियर
मूलांक 4 के जातकों के लिए आने वाला साल यानी साल 2023 काफी अच्छा साबित होगा। इस साल आपकी नौकरी में तरक्की के योग हैं। इसके साथ ही आप व्यावसायिक सफलता प्राप्त करेंगे। काम के सिलसिले में इस साल आप कई नए लोगों के संपर्क में आएंगे। कॅरियर मामले में ये साल आपके लिए काफी उन्नति भरा साबित होगा। नौकरी में अति आत्मविश्वास का शिकार होने से बचना चाहिए।
मूलांक 4 : वार्षिक राशिफल 2023: आर्थिक स्थिति
मूलांक 4 वालों को साल 2023 में अच्छा आर्थिक लाभ मिलने की संभावना है। कॅरियर में तरक्की की वजह से आपकी आय भी बढ़ेगी। धन और विकास के मामले में ये साल आपके लिए बहुत बेहतर रहेगा। आपके खर्चों में भी बढ़ोतरी होगी। इस साल आपको अपने सारे खर्च एक बजट बनाकर करने चाहिए।
मूलांक 4 : वार्षिक राशिफल 2023: शिक्षा
शिक्षा के क्षेत्र में बेहद सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे। इस मूलांक के जो छात्र लंबे समय से किसी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे उन्हें इस साल सफलता मिल सकती है। अगर आप विदेश में पढऩे की इच्छा रखते हैं, तो आपका यह सपना भी इस साल पूरा हो सकता है।
मूलांक 4 : वार्षिक राशिफल: लव और वैवाहिक स्थिति
प्यार के मामले में साल 2023 में आपको कुछ उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ सकता है। बातों में विरोधाभास के कारण आप दोनों के बीच लड़ाई-झगड़े बढ़ सकते हैं। हालांकि आप इस तकरार को लंबा नहीं चलने देंगे। आप बहुत ज्यादा रोमांटिक हैं इसलिए अपने वैवाहिक जीवन को इस साल और अच्छा बनाने के प्रयास करेंगे।
मूलांक 4 : वार्षिक राशिफल 2023: सेहत
साल 2023 में आपको सेहत के प्रति विशेष सावधान रहने की जरूरत है। वाहन चलाते समय सतर्कता बरतें। वरना किसी बड़ी दुर्घटना के शिकार हो सकते हैं। इस साल आपको पेट और आंखों से जुड़ी कुछ परेशानियों से जूझना पड़ सकता है।
मूलांक 5 : वार्षिक राशिफल 2023
अंक शास्त्र के अनुसार जिन लोगों का जन्म किसी भी महीने के 5, 14 या 23 तारीख को हुआ है, उन जातकों का मूलांक 5 है। यह अंक बुध ग्रह का प्रतिनिधित्व करता है। ऐसे लोगों का स्वभाव मिलनसार होता है। ये लोग बड़ी ही सरलता से मित्रता कर लेते हैं। इसके अलावा ऐसे लोग मल्टीटास्किंग होते हैं। यह हमेशा कार्यस्थल पर कार्य को निपटाने में लगे रहते हैं। छोटे से बड़े कार्यों का निर्णय तुरंत लेते हैं और सही साबित होते हैं। ऐसे लोग किसी भी परिस्थिति के अनुसार अपने आपको ढाल लेते है। बुध ग्रह के प्रभाव के कारण ये अच्छे वक्ता भी होते हैं और इन लोगों की बुद्धि बहुत शार्प होती है।
मूलांक 5 : वार्षिक राशिफल 2023 : कॅरियर
अंक ज्योतिष के अनुसार कॅरियर के लिहाज से नया साल शानदार है। मूलांक 5 के जो जातक शिक्षा, मनोरंजन या विज्ञापन के क्षेत्र में काम कर रहे हैं उनके लिए 2023 बहुत शुभफल देने वाला होगा। नौकरीपेशा लोग कार्यस्थल पर मिले नए प्रोजेक्ट्स सरलता से पूर्ण करेंगे। नया व्यापार शुरू करने में आपको सफलता मिलेगी। पदोन्नति के योग भी बनेंगे। कॅरियर में कई सुनहरे अवसर प्राप्त होंगे। इस साल जो भी नए संपर्क बनेंगे, वो आपके आने वाले दिनों में मददगार साबित होंगे।
मूलांक 5 : वार्षिक राशिफल 2023: आर्थिक स्थिति
साल 2023 धन के मामले में अच्छा रहने वाला है। साल 2023 में मई, सितंबर और दिसंबर का महीना आर्थिक मामलों में बढिय़ा रहेगा। यदि आपका काफी समय से कहीं धन अटका हुआ है तो, इस साल वो जल्द ही मिलेगा। साल 2023 में धन का निवेश करने से भी लाभ मिलने की संभावना है। कुल मिलाकर मूलांक 5 वालों के लिए साल 2023 का पूरा साल पैसा कमाने वाला और बचत करने वाला ही रहेगा।
मूलांक 5 : वार्षिक राशिफल 2023: शिक्षा
साल 2023 छात्रों के लिए बढिय़ा रहेगा। यदि आपकी रुचि आगे पढऩे की है तो, आप उच्च शिक्षा के लिए बाहर भी जा सकते हैं। जो छात्र वित्तीय प्रबंधन करना चाहते हैं, उनके लिए ये साल सफलता भरा रहेगा। जो छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं उनको 2023 में सफलता हासिल हो सकती है।
मूलांक 5 : वार्षिक राशिफल 2023: लव/वैवाहिक स्थिति
वर्ष 2023 प्रेम के मामलों में शानदार रहेगा। साल 2023 में जो लोग लंबे समय से प्रेम सबंधों में हैं, वे शादी के बंधन में बंध सकते हैं। आपके रिश्ते को मजबूती मिलेगी। वैवाहिक जीवन के लिए भी ये साल अच्छा है। जीवनसाथी के बीच संबंध मजबूत होंगे। इस साल आपको अपने पार्टनर से खूब प्यार मिलेगा।
मूलांक 5 : वार्षिक राशिफल 2023: सेहत
यह साल 2023 स्वास्थ्य के लिहाज से बेहतर साबित हो सकता है। मूलांक 5 वाले इस नए साल में शरीर में नई ऊर्जा और फुर्ती महसूस करेंगे। आप अपने सभी कार्य सरलता से पूर्ण करने में तत्पर रहेंगे। लेकिन नसों से संबंधित परेशानी सामने आ सकती है। इसीलिए थोड़ा सतर्क रहने और सावधानी बरतने की जरूरत है।
Updated on:
30 Dec 2022 06:08 pm
Published on:
30 Dec 2022 06:08 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
