
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व सीएम योगी आदित्यनाथ
निकाय चुनाव को केंद्र की सत्ता का सेमीफाइनल कहा जा रहा है। बड़े दल अपने सिंबल पर उतरने की तैयारी में हैं। निकाय के साथ वोटर भी बढ़े हैं। राजनीतिक दल चुनाव तैयारी में जुटे हैं। इस चुनाव में बीजेपी ने अनाज, वैक्सीन और पीएम आवास को सत्ता की सीढ़ी बनाने का फैसला किया है। इसी को केंद्र में रखकर पार्टी चुनाव तैयारियां में जुटी है।
दिसंबर में चुनाव होने की संभावना
चुनाव आयोग, जिला प्रशासन निकाय चुनाव की तैयारियों को अंतिम रुप देने में जुटा है। मतदाता सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक इस बार निकाय चुनाव में 4.27 करोड़ से ज्यादा वोटर्स वोट डालेंगे। दिसंबर माह के अंत तक चुनाव की तिथि घोषित होने की संभावना है।
राजनीतिक दल भी कर रहे तैयारी
राजनीतिक दल भी निकाय चुनाव की तैयारी में जुटे हैं। बड़े दल सिंबल पर मैदान में उतरने का फैसला कर चुके हैं। छोटे दल भी पहली बार पूरी ताकत से मैदान में उतरने की तैयारी में हैं। सुभासपा, उलेमा कौंसिल, सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी, पीस पार्टी, एआईएमआईएम भी सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारने की रणनीति बना रही है। इससे भाजपा, सपा, बसपा, कांग्रेस जैसे दलों की चुनौती बढ़ी है।
सपा-रालोद गठबंधन से बढ़ी बीजेपी की चुनौती
निकाय चुनाव में सपा और रालोद ने साथ चुनाव लड़ने का फैसला किया है। इसका पूर्वांचल में भले ही प्रभाव न पड़े लेकिन पश्चिम में बीजेपी की चुनौती बढ़ी है। ऐसे में बीजेपी का पूरा फोकस वर्ष 2022 में अपनाई गई रणनीति पर है। उसी पर केंद्रित होकर बीजेपी अपनी रणनीति तैयार करने में जुटी है।
सीएम से लेकर मंत्री तक इन योजनाओं को कर रहे फोकस
निकाय चुनाव से पहले ही बीजेपी ने योजनाओं के दम पर निकाय चुनाव जीतने का दावा किया है। सीएम योगी से लेकर सरकार के मंत्री तक योजनाओं को गिनाने में जुट हैं। कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर साफ कहते हैं कि 70 प्रतिशत से अधिक लोग किसी ने किसी माध्यम से सरकार की योजनाओं से लाभान्वित हुए हैं।
चाहे वह मुफ्त राशन वितरण हो या फिर पीएम आवास अथवा वैक्सीनेशन इन योजनाओं का लाभ सर्वाधिक आबादी को मिला है। आयुष्मान योजना भी लोगों के लिए महत्वपूर्ण साबित हुई है। इन्हीं योजनाओं के दमपर बीजेपी 2022 जीती थी और अब निकाय चुनाव में भी बड़ी जीत हासिल करेगी। पार्टी रणनीति भी इन्हीं योजनाओं को केंद्र में रखकर तैयर की है।
क्या कहते हैं बीजेपी के नेता
बीजेपी जिला उपाध्यक्ष ब्रजेश यादव कहते हैं कि बीजेपी के वर्कर सिर्फ चुनाव के समय ही योजनाओं की बात नहीं करते। बल्कि योजनाओं का लाभ आम आदमी तक पहुंचाने के लिए निरंतर उनके बीच में रहते हैं। जनता का सरकार पर विश्वास है। निश्चित तौर पर हमने सत्ता में रहकर जो काम किया है उसकी काम को लेकर जनता के बीच जाएंगे। वैक्सीनेशन, पीएम आवास, राशन, आयुष्मान योजना का लाभ सर्वाधिक अबादी को मिला है।
बीजेपी को नहीं बचा सकती कोई वैक्सीनः डॉ. रामदुलार राजभर
सपा के वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री डॉ. रामदुलार राजभर कहते हैं कि बीजेपी सरकार की सारी योजना सिर्फ कागज पर दिखती है। आम आदमी भुखमरी का शिकार है। निकाय चुनाव में बीजेपी का वैक्सीन दाव नहीं चलने वाला है। यह चुनाव महंगाई, बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर होगा। इसमें बीजेपी का सफाया तय है। अब बीजेपी को कोई भी वैक्सीन नहीं बचा सकती।
Published on:
26 Nov 2022 05:44 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
