14 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

झोलाछाप चिकित्सक के पास दांत दर्द का इलाज कराने गई महिला की मौत, क्राइम की अन्य खबरें

परिजनों ने दर्ज कराया गैर इरादतन हत्या का मुकदमा

4 min read
Google source verification
झोलाछाप चिकित्सक के पास दांत दर्द का इलाज कराने गई महिला की मौत

झोलाछाप चिकित्सक के पास दांत दर्द का इलाज कराने गई महिला की मौत

आजमगढ़. दांत दर्द का ईलाज कराने झोलाछाप चिकित्सक के पास पहुंची महिला को चिकित्सक ने दर्द का इंजेक्शन लगाया और उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजन उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना के संबंध में मृतका पक्ष की ओर से आरोपी चिकित्सक के खिलाफ तरवां थाने में गैर ईरादतन हत्या के आरोप में तहरीर दी गई है।


तरवां थाना क्षेत्र के उचहुंआ ग्राम निवासी यशवंत सिंह उर्फ मुन्ना की 26 वर्षीय पत्नी नीता शुक्रवार को दांत दर्द से परेशान थी। ईलाज के लिए परिजन उसे उचंहुआ बाजार स्थित निजी चिकित्सक के पास ले गए। चिकित्सक ने महिला को दर्द निवारक इंजेक्शन लगाया और उसके बाद महिला की हालत गंभीर हो गई।

महिला की हालत गंभीर देख चिकित्सक ने हाथ खड़े कर दिए जिसके बाद परिजन अचेत महिला को मऊ जनपद के चिरैयाकोट स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के एक पुत्र व दो पुत्री बताए जा रहे हैं। इस संबंध में मृतका के पति ने आरोपी चिकित्सक रामसमुझ चौहान के खिलाफ तरवां थाने में नामजद तहरीर दी है। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

छत से गिरा चौकीदार, थम गई सांस


आजमगढ़. शहर कोतवाली क्षेत्र के करीमुद्दीनपुर गांव में शनिवार की भोर में बारजा विहीन क्षेत्र से गिरकर 50 वर्षीय चौकीदार की मौके पर ही मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

करीमुद्दीनपुर ग्राम निवासी चंद्रबली यादव (50) पुत्र स्व. नरेश शुक्रवार की रात अपने मकान के प्रथम तल पर सोया था। भोर में करीब 3.30 बजे वह अर्धनिद्रा में लघुशंका के लिए उठा और पैर फिसल जाने से छत से नीचे गिर कर घायल हो गया। घायल की चीख पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिजन जब तक उसे अस्पताल ले जाने की तैयारी करते उसकी सांसे थम गई। घटना की सूचना पाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक चंद्रबली शहर कोतवाली में चौकीदार पद पर तैनात था। मृतक के दो पुत्र व दो पुत्री बताए गए हैं।

नाले में मिला अधेड़ का शव


आजमगढ़. महाराजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कप्तानगंज मार्ग पर स्थित नाले में शनिवार की सुबह 45 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति का शव देख क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महाराजगंज क्षेत्र के मोलनापुर ग्राम निवासी 45 वर्षीय रामबदन पुत्र नंदलाल पिछले कुछ दिनों से मनोरोग से ग्रसित था।

शुक्रवार की शाम करीब चार बजे वह घर से निकला लेकिन रात में घर नहीं लौटा। शनिवार की सुबह कप्तानगंज मार्ग पर स्थित नाले के पास ग्रामीण रामबदन का शव देख दंग रह गए। घटना की सूचना स्थानीय थाने को दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक अभी निसंतान था। घटना की सूचना पंजाब में परिवार सहित रहने वाले मृतक के बड़े भाई विश्वनाथ को दे दी गई है। गांव के लोग बड़े भाई के आने का इंतजार कर रहे हैं।

सड़क हादसे में दो भाजपा कार्यकर्ता घायल


आजमगढ़. सिधारी थाना क्षेत्र के बैठौली गांव के समीप शनिवार कि सुबह करीब दस बजे जनपद में प्रधानमंत्री की जनसभा में शामिल होने आ रही समर्थकों की बस से बाइक में धक्का लगा और बाइक सवार दो भाजपा कार्यकर्ता जख्मी हो गए। दोनों का ईलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
मऊ जिले के रानीपुर थाना अंतर्गत सेमरी ग्राम निवासी 25 वर्षीय चन्दन व 23 वर्षीय ओमप्रकाश पुत्रगण खुशहाल भाजपा कार्यकर्ता हैं। दोनों भाई शनिवार की सुबह जनपद के मंदुरी हवाईपट्टी पर प्रधानमंत्री की जनसभा में शामिल होने के लिए बाइक से आ रहे थे। सुबह करीब दस बजे जनसभा स्थल की ओर जा रही भाजपा कार्यकर्ताओं से भरी बस की चपेट में आ जाने से बाइक सवार दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का ईलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

जहर निगलने से महिला सहित दो अचेत


आजमगढ़. अज्ञात कारणों से जहर निगलकर अचेत हुई महिला सहित दो लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


कंधरापुर थाना क्षेत्र के सैदपुर ग्राम निवासी ओंकार की 40 वर्षीय पत्नी सुनीता ने शनिवार की सुबह किसी बात से नाराज होकर विषाक्त पदार्थ निगल लिया। हालत गंभीर होने पर परिजनों ने उसे सुबह करीब छह बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसी क्रम में अतरौलिया थाना क्षेत्र के मुबारकपुर ग्राम निवासी 25 वर्षीय अशोक पुत्र रामसरन शुक्रवार की रात अज्ञात कारणों से जहर निगल लिया। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले गए। चिकित्सक द्वारा रेफर कर दिए जाने पर अचेत युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उपचाराधीन दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।

बीमारी से परेशान महिला ने खुद को किया आग के हवाले


आजमगढ़. बीमारी से आजिज आकर 28 वर्षीय विवाहिता ने शनिवार की सुबह शरीर पर मिट्टी का तेल डालकर स्वयं को आग के हवाले कर दिया। स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से रेफर कर दिए जाने पर गंभीर रूप से झुलसी महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


रौनापार थाना क्षेत्र के पलिया ग्राम निवासी राम अजोर की 28 वर्षीय पत्नी अनीता पिछले आठ वर्षों से बीमार चल रही थी। परिजन अपने स्तर से उसका इलाज करा रहे थे। शनिवार की सुबह अनीता के बच्चे मां से भोजन मांगे और फिर भोजन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान अनीता के मन में न जाने ऐसी कौन सी पीड़ा उठी कि वह घर में रखे मिट्टी का तेल शरीर पर डाल कर स्वयं को आग के हवाले कर ली। स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से रेफर कर दिए जाने पर दोपहर करीब 2.30 बजे गंभीर रूप से झुलसी महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई गई है।

धारदार हथियार से हमला, अधेड़ जख्मी


आजमगढ़. जहानागंज थाना क्षेत्र के दौलताबाद गांव में शनिवार की सुबह भूमि विवाद के चलते दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के दौरान धारदार हथियार से किए गए हमले में 50 वर्षीय अधेड़ जख्मी हो गया। घायल का ईलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।


जहानागंज क्षेत्र के दौलताबाद ग्राम निवासी दुर्ग विजय (50) पुत्र स्व. रामसरन का भूमि संबंधी विवाद गांव के ही एक परिवार से चल रहा है। शनिवार की सुबह इसी विवाद के चलते दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। दोनों पक्षों के बीच हो रही हाथापाई के दौरान एक पक्ष ने दुर्गविजय पर धारदार हथियार से प्रहार कर दिया। गंभीर रूप से घायल दुर्गविजय को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से रेफर कर दिए जाने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

By- रणविजय सिंह