बता दें कि खेकड़ा नगर पालिका की चेयरपर्सन संगीता धामा हैं, जो नगर पालिका में एक कर्मचारी के रिटायरमेंट पर कार्यालय पहुंची थीं। कार्यक्रम के उपरांत चेयरपर्सन संगीता धामा ने ईओ निहारिका चौहान से किसी मामले को लेकर वार्ता की और कार्य कराने के लिए कहा, लेकिन ईओ निहारिका ने कार्य करने से मना कर दिया। इसके बाद दोनों में जमकर नोक-झोंक हुई। ईओ ने जनप्रतिनिधि चेयरपर्सन संगीता धामा को देख लेने की धमकी दी। वहीं चेयरपर्सन की सुरक्षा में लगे गार्ड भी ईओ पर भड़क गए और निहारिका चौहान को भी धमकी दे डाली। नोक-झोंक देखते ही देखते बड़ा रूप लेने लगी और दोनों पक्ष मारपीट पर उतारू हो गए, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मना लिया। इसके बाद चेयरपर्सन संगीता धामा सुरक्षा गार्डों को लेकर वहां से चली गई, लेकिन उसके बाद भी नगर पालिका में हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। निहारिका चौहान ने जहां चेयरमैन संगीता धामा पर साथियों के साथ उन पर धमकी का आरोप लगाया है। वहीं संगीता धामा ने आरोपो को बेबुनियाद बताया।