बागपत में कर्मचारियों का उत्पीड़न रुकने का नाम नहीं ले रहा है। वेतन न मिलने के कारण 181 हेल्पलाईन पर तैनात एक कर्मचारी ने नौकरी छोड़ दी है। वहीं खेकडा नगर में एक कपड़ा निर्माता कंपनी ने 400 कर्मचारियों को निकाल दिया है। वहीं रविवार को बड़ौत डिपो में एक मैकेनिक धारदार हथियार लेकर ओवरहैड टैंक पर चढ़ गया आैर आत्महत्या की धमकी दे डाली है। पानी की टंकी पर कर्मचारी के चढ़कर आत्महत्या के ऐलान के बाद डिपो के अधिकारियों ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर डिपो के कर्मचारियों के साथ टंकी पर चढ़े मैकेनिक को नीचे उतारने का काफी प्रयास किया, लेकिन मैकेनिक अपनी जिद पर अड़ा रहा।