
आखिर क्या हुआ कि बंद कमरे में मिला 75 वर्षीय वृद्ध का शव
बालोद (गुंडरदेही). नगर में उस समय सनसनी फैल गई जब गुंडरदेही के मुख्य मार्ग पर स्थित एक मकान से 75 वर्षीय वृद्ध का शव उनके ही मकान से मिला। दो दिनों से बंद मकान के खोलने पर इसका खुलासा हुआ। उसके बाद परिजन ने तत्काल सूचना पुलिस को दी। प्रारंभिक जांच व पूछताछ में वृद्ध के छोटे बेटे के अलग-अलग बयान से हत्या करने की बात सामने आ रही है। उसे पुलिस कस्टडी में रखा गया है। बताया जा रहा है कि छोटा बेटा विक्षिप्त सा है।
परिवार के लोग कर रहे थे आपस में बहस
एएसपी बालोद दिनेश सिन्हा व टीआई सईद अख्तर के अनुसार मामले में मृतक के पड़ोसियों से मिली जानकारी में शुक्रवार की सुबह नगर के गंजीर भवन में बाहर गए परिवार के लोग जब घर वापस आए उसके बाद आपस में बहस कर रहे थे। परिवार वाले मृतक उदय गंजीर के 42 वर्षीय छोटे बेटे हरीश गंजीर से सवाल कर रहे थे कि पिताजी को 3 दिनों तक कमरे में क्यों रखे हो? इस बीच परिवार वालों के दबाव के बाद जब कमरे को खोला गया, तो वहां से तेज बदबू आने लगी। तभी मामले का खुलासा हुआ।
शव से बदबू न आए इसलिए डाल दी थी परफ्यूम
कमरे को जब खोला गया, तो देखा गया कि शव बिस्तर पर है। शव को प्लास्टिक के ऊपर लिटाया गया था। उसके ऊपर साफ पीले रंग का चादर ढंका गया था। कमरे में बदबू के साथ थोड़ी परफ्यूम की खुशबू भी आ रही थी। इस दौरान आरोपी पुत्र पिता के बारे में अलग-अलग बात कह रहा था। पिता के बारे में पूछने पर पड़ोसियों को भी गुमराह करता रहा। फिरहाल शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, पर शव के पुराने हो जाने की स्थिति को देखते हुए पीएम के लिए चिकित्सक ने रायपुर मेडिकल कॉलेज भेजा है।
पूछने पर पड़ोसियों को करता रहा गांव जाने की बात से गुमराह
पुलिस के प्रारंभिक जांच में ये बात सामने आई कि उनकी मां की तबीयत ठीक नहीं होने के कारण इलाज के लिए उसे भिलाई के चंदूलाल चंद्राकर अस्पताल ले गए थे। बड़ा बेटा बाहर रहता है। घर में पिता व पुत्र था। इसी दौरान कुछ दिनों से मृतक उदय गंजीर दिखाई नहीं दिए, तो उसके छोटे बेटे से पिता के बारे में आसपास के लोगों ने पूछताछ की। इस दौरान बेटा हरीश ने लोगों को गुमराह किया कि उनके पिता ग्राम बटरेल गए हैं। पर जब उनकी मां व परिजन घर लौटे, तो पिता के कमरे में ताला लटक रहा था।
तीन दिनों से पिता को बंद रखने का बनाता रहा कई तरह के बहाने
जब कमरे में ताला लटकते देखा, तो मां व परिजन ने छोटा बेटा हरिश से आगे बहस हुई कि आखिर पिता को कैसे बंद कर रखा है, तब हरिश ने कहा उसकी तबीयत ठीक नहीं थी इसलिए बंद कर रखा है। फिर कहा वे सीढ़ी से गिर गए थे। चोट लगी थी। उन्हें आराम मिलेगा इसलिए अंदर कमरे में ही सुला दिया है। दबाव में जब ताला खोला गया, तो वहां से तेज बदबू आई, तो परिजन समझ गए कि कुछ तो गड़बड़ है। उसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक के शव पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं। मामले में पुलिस ने कहा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद मामले की पुख्ता जांच शुरू होगी। छोटे बेटा हरिश को कस्टडी में रखा गया है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
20 Oct 2018, 8:10 AM IST
बड़ी खबरें
View Allबालोद
छत्तीसगढ़




