
इंटरकॉम से स्टॉफ के साथ मरीजों की परेशानियों का होगा तत्काल निवारण, पूरे 16 कमरों से रहेंगे कनेक्ट
बालोद. जिला अस्पताल में अब जल्द ही इंटरकॉम की सुविधा मिलेगी। इससे एक ही जगह से जिला अस्पताल के 16 कक्षों के जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारियों के साथ सूचना का आदान-प्रदान कर पाएंगे। वहीं मरीजों की शिकायतें या परेशानी को दूर करने की दिशा में भी यह शासन का अच्छा कदम है।
इंटरकॉम कई मायनों में अहम
जिला अस्पताल प्रबंधन अस्पताल में इंटरकॉम की सुविधा शुरू करने जा रहा है। ऐसे में कैजुवल्टी से सीधे वार्डों में फोन कर खाली पलंग की जानकारी ली जा सकेगी। इससे मरीजों को बे-वजह परेशान नहीं होना पड़ेगा। देखा जाए तो इंटरकॉम कई मायनों में अहम है। इस व्यवस्था से काफी हद तक प्रबंधन की पेरशानी भी कम होगी।
यहां पर होगी व्यवस्था
जिला अस्पताल के 16 जगहों पर इंटरकॉम की व्यवस्था की जा रही है, जिसमे वार्ड, ओपीडी, विभाग, कैजुवल्टी, सभी ओटी कक्ष, सिविल सर्जन कक्ष कार्यालय, नर्सिंग इंचार्ज ऑफिस, एसी, ऑक्सीजन और सब स्टेशन, सुरक्षा गार्ड एजेंसी, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, दवा वितरण, पर्ची काउंटर आदि शामिल हैं।
यह हो रही परेशानी
इमरजेंसी केस में वार्डों से कर्मचारी या परिजन को कैजुवल्टी भेजा जाता है।
कैजुवल्टी से मरीज सीधे वार्ड में भेजे जाते हैं, जहां पलंग खाली न होने पर मरीज परेशान होता है।
सिविल सर्जन को किसी भी वार्ड में दिशा-निर्देश देने के लिए कर्मचारी भेजना पड़ता है।
मरीज के संबंध में शिकायत पर अधिकारी ओपीडी में मौजूद डॉक्टरों से सीधे बात नहीं कर पाते।
जिला अस्पताल बनने के दौरान इंटरकॉम की सुविधा को भी शामिल किया गया है।
भवन में टेलीफोन की लाइन भी बिछाई जा रही है। यह काम चल रहा है।
16 टेलीफोन उपलब्ध है, सभी जगहों पर जल्द मिलेगी सुविधा
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन एसपी केसरवानी ने बताया इंटरकॉम की सुविधा जल्द शुरू हो जाएगी। एक सप्ताह के अंदर काम पूरा हो जाएगा। 16 टेलीफोन उपलब्ध है, सभी जगहों पर इन्हें लगाया जाना है।
Published on:
30 Aug 2018 09:00 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
