
Blast in Wadrafnagar
वाड्रफनगर. नगर के मुख्य मार्ग पर स्थित गीता मसाला चक्की में गैस सिलेंडर में रिफिलिंग का गोरखधंधा पिछले चार-पांच वर्ष से जारी है। कई बार शिकायत के बावजूद प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। नतीजा यह हुआ कि शुक्रवार की देर रात यहां बड़ी घटना हो गई। दुकान में अचानक लगी आग गैस टंकियों तक पहुंच गई और एक-एक-कर गैस सिलेंडर धमाके के साथ फटने लगे और पूरा इलाका दहल उठा।
इससे मौके पर दहशत व अफरातफरी की स्थिति निर्मित हो गई। आसपास व लॉज में ठहरे लोग लोग भागने लगे। नगरवासियों व पुलिस ने मिलकर करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। इस दौरान कुल 12 छोटे-बड़े सिलेंडर फटे। इससे दुकान में रखे करीब 2 लाख का सामान जल गया।
गौरतलब है कि नगर के मुख्य मार्ग पर स्थित गीता मसाला चक्की में संचालक दीपक अग्रवाल मसाला पीसने के साथ ही सीमेंटेड छड़, गैस के मैटेरियल व गैस सिलेंडर की रिफिलिंग का कारोबार चार-पांच साल से कर रहा था। शुक्रवार की रात लगभग 11.30 बजे दुकान में आग लग गई।
आग तेजी से फैली और रिफिलिंग के लिए रखे गए 8-10 छोटी गैस टंकी व २ बड़ी टंकी एक-एक कर धमको के साथ फटने से पूरा इलाका ही दहल गया। आस-पास घरों व दुकान के ठीक बगल में अमन लॉज व आयूष लॉज में ठहरे लोग धमाके की आवाज सुनकर भागने लगे। मौके पर अफरातफरी व दहशत की स्थिति निर्मित हो गई।
इधर दुकान में तेजी से फैल रही आग को नगरवासियों व पुलिस ने दो घंटे की मशक्कत कर नगर पंचायत के दो टैंकर से लगातार पानी डालकर बुझाया। आग से दुकान में रखा लगभग 2 लाख का सामान जलकर खाक हो गया।
नगर में चल रहे कई अवैध रिफिलिंग सेंटर
नगर में तीन-चार स्थानों पर अवैध गैस रिफिलिंग सेंटर संचालित हो रहे हैं। लगातार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इसकी वजह से इस तरह के हादसे हो रहे हैं। इस संबंध में तहसीलदार युवराज कुर्रे ने बताया कि आगजनी की घटना की जांच फूड इंस्पेक्टर से कराई जाएगी। साथ ही नगर में संचालित अवैध गैस, पटाखा दुकानों की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
14 Apr 2018 09:05 pm
बड़ी खबरें
View Allबलरामपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
