
Dead body
कुसमी. कुसमी में एक 16 वर्षीय किशोरी ने कुएं में कूदकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि मृतिका का एक युवक से प्रेम-प्रसंग था। युवक की सोमवार को नाले पर बने अस्थायी बांध में गिरने से मौत हो गई थी।
प्रेमी की मौत से किशोरी काफी दुखी थी। पे्रमी की मौत के 10 घंटे बाद ही उसने कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। वह 10वीं कक्षा में पढ़ती थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के नगर पंचायत कुसमी स्थित वार्ड क्रमांक-1 कुम्हारपारा निवासी 16 वर्षीय कक्षा 10 वीं की छात्रा सुबानी नगेशिया पिता स्व. बंधन राम सोमवार की रात करीब 1.30 बजे मां धरमी बाई को शौच जा रही हूं कहकर घर से निकली। जब वह काफी देर तक वापस नहीं आई तो मां उसे तलाशते हुए बाहर निकली।
पहले उसे रास्ते में लोटा दिखा, फिर सड़क पार करके वार्ड क्रमांक-3 निवासी भुनेश्वर नगेशिया के खेत में बने सार्वजनिक कुएं के समीप गई तो वहां उसका चप्पल व साल दिखाई पड़ा। उसने कुएं में झांक कर देखा तो कुछ नहीं दिखा।
तब उसने बेटे व आसपास के लोगों को बताया। ज्यादा रात व ठंड होने के कारण कुएं में उतरने की हिम्मत किसी की नहीं हुई। सुबह जब कुएं में झग्गर डाला गया तो किशोरी का शव फंसकर बाहर आ गया। सूचना पर कुसमी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पीएम के लिए भिजवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रेमी की मौत से थी दुखी
बताया जा रहा है कि मृतिका का सेमरा के एक युवक 18 वर्षीय दिनेश पैंकरा के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। सोमवार की दोपहर दिनेश पैकरा की झकमक नाले में बने अस्थायी बांध में औंधे मुंह गिरने से मौत हो गई थी। दिनेश की मौत से मृतिका काफी दुखी थी और संभवत: इसी वजह से उसने भी आत्महत्या कर ली।
Published on:
21 Nov 2018 07:12 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
