
MLA locked in bank
रामानुजगंज. जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की शाखा रामानुजगंज में विगत कई दिनों से धान के बोनस की राशि नहीं मिलने से मंगलवार को किसानों का गुस्सा बैंक पर फूट पड़ा। किसानों ने रामानुजगंज से कांग्रेस विधायक वृहस्पत सिंह के नेतृत्व में बैंक में तालाबंदी कर दी। इसके बाद वे थाना परिसर पहुंचे और वहां बैंक की 5 चाबियां नायब तहसीलदार के सुपूर्द कर दिया।
गौरतलब है कि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की शाखा रामानुजगंज अंतर्गत भंवरमाल, महावीरगंज, त्रिकुंडा, रामचंद्रपुर व कामेश्वरनगर समिति आती है। समितियों के हजारों किसानों को विगत कई दिनों से पर्याप्त रुपए नहीं दिया जा रहे हंै। वहीं कई दिन बैंक के चक्कर काटने के बाद भी किसानों को आवश्यकतानुसार राशि नहीं मिल पा रही है।
खेती-किसानी के समय में रुपए की किल्लत से किसान काफी परेशान हैं। नाराज किसानों का मंगलवार को गुस्सा फूट पड़ा। मंगलवार को काफी संख्या में पहुंचे आक्रोशित किसानों ने कांग्रेस विधायक वृहस्पत सिंह के नेतृत्व में बैंक में तालाबंदी कर दी। इसके बाद रैली की शक्ल में थाने पहुंचे और नायब तहसीलदार अमित कुमार केरकेट्टा को बैंक की 5 चाबियां सौंप दी।
इस दौरान विधायक ने अधिकारियों से कहा कि जब तक बैंक में पर्याप्त राशि नहीं आ जाती है तब तक बैंक न खुलवाएं। विधायक ने कहा कि बैंक खुलने से किसानों को दिन भर अनावश्यक रूप से परेशान होना पड़ता है व पैसा भी नहीं मिलता। ऐसे बैंक को खोलकर रखने का क्या औचित्य है। बैंक खुला देखकर जब भी किसान रुपए लेने पहुंचते हैं तो उन्हें यह कहकर लौटा दिया जाता है कि रुपए नहीं हैं।
अपेक्स बैंक के एमडी को दी जानकारी
किसानों के साथ बैंक पहुंचे विधायक वृहस्पत सिंह ने तालाबंदी से पहले अपेक्स बैंक के एमडी एचके नाग को भी फोन पर जानकारी दी। उन्होंने एमडी को किसानों को राशि नहीं मिलने की समस्या से अवगत कराया।
Published on:
19 Jun 2018 08:07 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
