
चार करोड़ की ठगी का आरोपी गिरफ्तार
बेंगलूरु. तिलक नगर पुलिस ने हज पर भेजने के बहाने 113 लोगों से चार करोड़ रुपए लेकर फरार एक निजी टूर एंड ट्रैवल्स के मालिक समेत 6 लोगों को गिरफ्तार कर 114 पासपोर्ट जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी सिबगतउल्ला शरीफ जय नगर चौथे टी ब्लॉक क्षेत्र में टूर एंड ट्रैवल्स एजेंसी चलाता है। उसने हज पर भेजने के बहाने हर एक व्यक्ति से तीन लाख से साढ़े तीन लाख रुपए लिए।
उसने 113 लोगों से चार करोड़ रुपए वसूले। सभी को 6 अगस्त को दफ्तर बुलाया लेकिन जब वे वहां पहुंचे तो ताला लगा मिला। तिलक नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने प्रमुख आरोपी सिबगतउल्ला के पुत्र मोहम्मद रिजलान, रहमान, तौसीफ, मोहम्मद खाजा और मोहम्मद उमेर को गिरफ्तार किया।
पांच पुलिस कर्मचारी निलंबित
मैसूरु. पुलिस आयुक्त डॉ. ए. सुब्रमण्येश्वर राव ने एक ब्यूटी पार्लर की मालकिन से रिश्वत लेने के आरोप में पांच पुलिस कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। केंद्रीय अपराध जांच शाखा (सीसीबी) और विजय नगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर गत 29 जुलाई को जिस्म फरोशी की शिकायत मिलने पर एक ब्यूटी पार्लर पर छापा मारा था। वहां से सात युवतियों की रक्षा कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। छापे के दौरान एक डायरी मिली थी। उसमें पार्लर की मालकिन से सीसीबी को सात हजार और विजय नगर पुलिस थाने के कर्मचारियो को 10 हजार रुपए रिश्वत देने का खुलासा हुआ था। मामले की जांंच में पुलिस द्वारा रिश्वत लेने की बात सच साबित हुई। सीसीबी के रवि कुमार, कृष्णे गौड़ा, मंजूनाथ, विजय नगर थाने के सण्णप्पा और दिवाकर को निलंबित किया गया।
सूने घरों में चोरी की दो वारदातें
बेंगलूरु. मुनिकोललू ले आउट में एक टैकी के सूने घर पर चोरों ने धावा बोल कर कीमती सामान चुरा लिया। पुलिस के अनुसार श्रीकांत एक सॉफ्टवेयर कंपनी में काम करता है। किसी ने उसके घर में घुस कर तीन लैप टॉप, एक मोबाइल फोन चुरा लिया। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है। दूसरी वारदात अमृतहल्ली पुलिस थानांतर्गत हुई। अज्ञात लोगों ने जीकेवीके लेआउट निवासी बसवराज के मकान का ताला तोड़कर पांंच लाख रुपए मूल्य के सोने व चांदी के आभूषण, इलेक्ट्रानिक्स उपकरण, रेशमी साडिय़ां और अन्य कीमती चीजें चुरा लिया। बसवराज परिवार के साथ रिश्तेदार की शादी में दावणगेरे गए थे। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
Published on:
10 Aug 2018 08:24 pm
