भाजपा बेंगलूरु के सभी 28 विधान सभा क्षेत्रों के लिए अलग-अलग घोषणा पत्र लाएगी। भाजपा घोषणा-पत्र समिति के एक सदस्य और पूर्व नौकरशाह मदन गोपाल ने कहा कि राज्य के लिए एक आम घोषणा-पत्र होगा, जिसमें बेंगलूरु से संबंधित मुद्दे भी शामिल होंगे। इसके अलावा बेंगलूरु के प्रत्येक क्षेत्र का एक अलग घोषणा-पत्र होगा क्योंकि प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र की समस्याएं अलग हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक समन्वयक के नेतृत्व टीम काम कर रही है जो स्थानीय लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं और सुझाव ले रही है। इसके लिए ड्राप बॉक्स बनाया गया है और मोबाइल मैसेंजिंग ऐप पर भी गु्रप बनाकर नागरिकों से सुझाव लिए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त विभिन्न क्षेत्र के विशेषज्ञों, नागरिक संगठनों और आवासीय कल्याण संघों के साथ भी बैठकें की जा रही हैं।