
बेंगलूरु. भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को शांतिनगर विधानसभा क्षेत्र के जोगू पाल्या इलाके सहित बैंगलूरु के तीन स्थानों पर रोड शो किए। शाह आते ही रथ पर सवार हुए और करीब दो सौ मीटर तक चलने के बाद समय पूरा होते ही रथ से उतरकर रवाना हो गए। इसके बाद स्थानीय कार्यकर्ता ही रोड शो को आगे लेकर आए।
शाह का स्थानीय व्यापारियों व जनता ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। शाह ने सर्वज्ञ नगर से कम्मन हल्ली सर्कल, शिवाजी नगर से देवंगा समाज भवन, शांतिनगर विधानसभा क्षेत्र में जोगूपाल्या से पुलिस थाने तक रोड शो किया। शांतिनगर में सांसद पीसी मोहन, भाजपा प्रत्याशी वासुदेव मूर्ति, वार्ड पार्षद एम गौतम कुमार रथ पर सवार थे।
काफिला करीब दो सौ मीटर ही पहुंचा था कि दस मिनट की निधारित समयावधि पूर्ण होने पर शाह रोड शो बीच में छोड़कर चले गए। इसके बाद कार्यकर्ता स्थानीय नेताओं की अगुवाई में मौसूर पुलिस थाने तक पहुंचे। इस दौरान भाजपा के शांतिनगर विधानसभा क्षेत्र के महासचिव येदुकुमार, भाजयुमो बेंगलूरु शहर अध्यक्ष चेतन यादव सहित काफी संख्या में महिला व पुरुष कार्यकर्ता उपस्थित थे।
इससे पूर्व महिला व पुरुष कार्यकर्ता शाम चार बजे से ही जोगू पाल्या खेल मैदान पर एकत्रित होना शुरू हो गए थे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने गोमाता, गंगा मैया, जय श्रीराम, शिव भोले व बजरंगबली के नारे लगाकर माहौल बनाया। कर्नाटक का पारंपरिक बैंड डोलु कुणिता के कलाकारों ने शिव तांडव का प्रदर्शन किया और ढोल की थाप पर कार्यकर्ताओं को जमकर नचाया।
-----------
कोप्पल में 8.30 लाख रुपए बरामद
कांग्रेस और भाजपा नेता के घरों पर छापे
कोप्पल. चुनाव आयोग के उडऩ दस्ते ने बुधवार को कोप्पल जिले के गंगावती कस्बे में दो जगहों पर छापेमारी कर 8.30 लाख रुपए नकद बरामद किए। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जिला भाजपा अध्यक्ष वीरूपक्ष के मकान पर की गई छापेमारी में 8 लाख रुपए नकद बरामद हुआ जबकि कांग्रेस नेता शामिद मनियार के मकान पर हुई छापेमारी में करीब 30 हजार रुपए बरामद हुए।
Published on:
10 May 2018 06:25 pm
बड़ी खबरें
View Allबैंगलोर
कर्नाटक
ट्रेंडिंग
