
संबित पात्रा ने राहुल गांधी पर कसा तंज, फोटो सोर्स- IANS
Sambit Patra on Rahul Gandhi: बीजेपी नेता संबित पात्रा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पात्रा ने दावा किया कि राहुल गांधी ने अपने ही मुख्यमंत्री के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की की और उन्हें कोहनी मारी। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि इसके बाद राहुल गांधी के सुरक्षाकर्मियों ने डीके शिवकुमार को पकड़कर बाहर कर दिया।
संबित पात्रा ने कहा कि उन्होंने कथित घटनाक्रम के दौरान डीके शिवकुमार को आंसू बहाते हुए देखा। उन्होंने कहा कि यह केवल बीजेपी या कांग्रेस का मुद्दा नहीं है और डीके शिवकुमार उनकी पार्टी से नहीं हैं, लेकिन उनके मुताबिक सवाल यह है कि क्या इस घटना से शिवकुमार का सम्मान आहत नहीं हुआ। पात्रा ने शिवकुमार से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे घटनाक्रम की सच्चाई बताने की अपील की।
भारतीय जनता पार्टी के नेता ने राहुल गांधी से कर्नाटक में SIR को लेकर डीके शिवकुमार और कांग्रेस नेता सतीश जारकीहोली के साथ बहस करने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को स्पष्ट करना चाहिए कि कर्नाटक में SIR को लेकर सही स्थिति क्या है और कर्नाटक के नेता जो कह रहे हैं, वह सही है या राहुल गांधी का दावा।
बता दें कि संबित पात्रा ने पश्चिम कर्नाटक MLC चुनाव का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘बैलेट’ से चुनाव कराने की मांग पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि इस चुनाव में बैलेट से मतदान हुआ था और कथित तौर पर ‘बैलेट चोरी’ हुई। पात्रा ने एक महिला शिल्पा का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने जिला अध्यक्ष की पत्नी की ओर से कथित तौर पर प्रॉक्सी वोट डाला।
हालांकि, शिल्पा को लेकर लगाए गए इन आरोपों को संबित पात्रा ने खुद सवाल के रूप में रखा और कहा कि यदि उनकी जानकारी गलत है तो उन्हें स्पष्ट किया जाए। उन्होंने राहुल गांधी से इन मुद्दों पर सार्वजनिक बहस के जरिए स्थिति स्पष्ट करने की मांग की
Updated on:
5 Nov 2026, 2:05 PM IST
Published on:
5 Nov 2026, 2:05 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.