
बच्ची का इलाज जारी (पत्रिका फोटो)
कस्बाथाना (बारां): बारां जिले के शाहाबाद तहसील क्षेत्र के कस्बाथाना थाना क्षेत्र स्थित कुजाए गांव में मंगलवार सुबह झाड़ियों में एक नवजात बच्ची मिलने से हड़कंप मच गया। झाड़ियों से बच्ची के रोने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्ची को वहां पड़ा देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, आगर सरपंच प्रतिनिधि पर्वत सिंह मेहता को नवजात बच्ची के झाड़ियों में पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वहां झाड़ियों से लगातार बच्ची के रोने की आवाज आ रही थी। ग्रामीणों ने झाड़ियों के बीच जाकर देखा तो नवजात बच्ची मिली। इसके बाद मामले की जानकारी कस्बाथाना थाना अधिकारी योगेश शर्मा को दी गई।
ग्रामीणों की मदद से नवजात बच्ची को तत्काल कस्बाथाना अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्ची की जांच कर उपचार शुरू किया। डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची का जन्म संभवत: मंगलवार रात को ही हुआ है। फिलहाल बच्ची को कस्बाथाना अस्पताल में भर्ती रखा गया है और चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात बच्ची को झाड़ियों में कौन छोड़कर गया। इसके लिए आसपास के क्षेत्र में लोगों से पूछताछ की जा रही है और अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बच्ची को आगे उपचार और आवश्यक प्रक्रिया के लिए बारां रेफर किया जाएगा। इसके बाद नवजात को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और बच्ची को झाड़ियों में छोड़ने वाले व्यक्ति की तलाश की जा रही है।
Updated on:
29 Sept 2026 08:23 am
Published on:
29 Sept 2026 08:22 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
