
मई क्वीन 2026 बनीं आद्या सिंह
बरेली।बरेली क्लब में शनिवार रात ग्लैमर, ग्रेस और प्रतिभा का ऐसा संगम दिखा कि हर नजर मंच पर थम गई। रैंप पर आत्मविश्वास से भरे कदम, चेहरे पर मुस्कान और जवाबों में बुद्धिमत्ता… इन्हीं खूबियों के दम पर आद्या सिंह ने मई क्वीन बाल-2026 का प्रतिष्ठित ताज अपने नाम कर लिया। मुकाबला इतना जबरदस्त था कि अंतिम घोषणा तक दर्शकों की धड़कनें तेज रहीं।
तीन राउंड में हुई इस हाईप्रोफाइल प्रतियोगिता में 20 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। हर राउंड में सुंदरता के साथ प्रतिभा और व्यक्तित्व की परख हुई। कभी रैंप पर अदाओं का जादू चला तो कभी टैलेंट राउंड में शास्त्रीय नृत्य, गीत और कविता ने माहौल को तालियों से गूंजा दिया।
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों के सामने सिर्फ खूबसूरत दिखने की चुनौती नहीं थी, बल्कि मंच पर खुद को साबित करने की भी परीक्षा थी। प्रश्नोत्तरी राउंड में प्रतिभागियों की समझ, आत्मविश्वास और सोच को परखा गया। निर्णायकों के सवालों का जवाब देते हुए आद्या सिंह ने जिस आत्मविश्वास और संतुलन का प्रदर्शन किया, उसने उन्हें बाकी प्रतिभागियों से अलग खड़ा कर दिया।
प्रतियोगिता के दौरान बरेली क्लब का माहौल किसी बड़े फैशन शो जैसा नजर आया। रोशनी, संगीत और रंगीन परिधानों के बीच प्रतिभागियों ने मंच पर अपनी मौजूदगी का असर छोड़ा। दर्शकों में मौजूद सेना के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य मेहमान भी प्रतिभागियों की प्रस्तुति देखकर लगातार तालियां बजाते नजर आए।
कड़े मुकाबले के बाद अनुष्का आनंद को फर्स्ट रनरअप और श्वेता सिंह को सेकंड रनरअप चुना गया। विजेताओं को उत्तर भारत क्षेत्र के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल डीजी मिश्रा और वर्ष 2024 की मई क्वीन विजेता प्राची सिंह वधावन ने ताज पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान यह चर्चा भी खास रही कि बॉलीवुड स्टार प्रियंका चोपड़ा ने भी वर्ष 1999 में इसी प्रतियोगिता का ताज अपने नाम किया था। उसी मंच से उन्होंने ग्लैमर की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाई थी।
मिस फोटोजेनिक – आद्या मिश्रा
मिस रैंप वॉक – ऐश्वर्या राय
मिस टैलेंटेड – हर्षिता नेगी
मिस फैशन आइकन – मानसी भदौरिया
मिस इंटेलेक्चुअल – महिमा सिंह
मिस चार्मिंग – मोनिका थापा
मिस ब्यूटीफुल हेयर – उन्नति देवा
कार्यक्रम में मेजर जनरल आईएस गिल, ब्रिगेडियर हरजीत प्रीत पाल सिंह, कर्नल विनय भूषण साहू, राजा चावला और अनंतबीर सिंह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। वहीं प्रतिभागियों की ग्रूमिंग में मिसेज इंडिया वर्ल्डवाइड-2014 अमन ग्रेवाल की विशेष भूमिका रही।
Updated on:
24 May 2026 11:09 am
Published on:
24 May 2026 11:08 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
