
बरेली. एक मासूम की हत्या कर पेड़ से लटकाने के आरोपी युवक को भीड़ ने पीट-पीटकर मार दिया है। बताया जा रहा है कि मासूम की हत्या के बाद से 26 वर्षीय आरोपी युवक फरार चल रहा था। स्थानीय पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपए का इनाम घाेषित करते हुए जगह-जगह उसके पोस्टर लगाए थे, लेकिन उसके बाद भी पुलिस को कोई सुराग नहीं लग सका था। इसी बीच बुधवार की शाम मासूम के परिजनों आरोपी प्रेमपाल को पकड़ लिया। इससे पहले कि मौके पर पुलिस पहुंचती लोगों की भीड़ ने आरोपी को लाठी-डंडों और ईंटों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। हमले के बाद प्रेमपाल को अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसएसपी रोहित सिंह सजवान ने बताया कि एक चार वर्षीय बच्चे के यौन उत्पीड़न के बाद उसकी निर्मम हत्या के मामले में पुलिस को आरोपी प्रेमपाल की तलाश थी। पुलिस की टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थीं, लेकिन इसी बीच बुधवार को ओन्ला थाना क्षेत्र में कुछ लोगों ने प्रेमपाल को पीट-पीटकर मार दिया। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए दोनों लोग मृतक बच्चे के रिश्तेदार हैं। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों समेत कई अन्य अज्ञातों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस के अनुसार, प्रेमपाल बरेली में ही ओन्ला में छिपा था।
यह था मामला
बता दें कि 13 जुलाई को खेलने के लिए कहकर चार वर्षीय बच्चा घर से बाहर निकला था। इसके बाद वह लापता हो गया था। परिजनों ने उसे ढूंढने का काफी प्रयास किया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। बताया जा रहा है कि बच्चे को आखिरी बार प्रेमपाल के साथ खेलते देखा गया था, जो 12 जुलाई को परिवार के कुछ रिश्तेदारों के संग उनके घर आया था। परिजनों को शुरुआत में लगा था कि प्रेमपाल ने उनके बच्चे का अपहरण फिरौती के लिए किया है, लेकिन कुछ घंटे बाद ही ग्रामीणों ने गांव के बाहर एक पेड़ पर बच्चे का शव लटका देखा और तुरंत परिवार वालों के साथ पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम जांच के लिए भिजवाया। पोस्टमार्टम जांच में पता चला कि बच्चा पहले यौन शोषण का शिकार हुआ है और उसके बाद गला घोटकर हत्या के बाद शव लटकाने की पुष्टि हुई थी। पुलिस ने प्रेमपाल के खिलाफ धारा 302, 37, 364, 201 और पाक्सो अधिनियम की धारा 4/5 के तहत केस दर्ज किया था।
Published on:
05 Nov 2020 03:42 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
