
बरेली के प्रेमनगर मंदिर के करीब मांस की दुकान से अवैध कब्जा हटाने को लेकर हुए बवाल के बाद पुलिस ने पांचवें आरोपी मोहम्मद रहीस को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बता दें सरकारी कार्रवाई में बाधा डालने, शांति व्यवस्था भंग करने, पुलिस कर्मियों से धक्का-मुक्की करने समेत कई अन्य धाराओं में पांच नामजद समेत 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रेमनगर पुलिस थाने में केस दर्ज किया गया था। इस मामले में चार आरोपी मोहम्मद नवाज अली, मोहम्मद इनाम, मुजीब और हसनान खान को गुरुवार को ही गिरफ्तार कर लिया गया था। वहीं अब पांचवें आरोपी मोहम्मद रहीस को भी गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया गया है।
दरअसल, प्रेमनगर थाना क्षेत्र स्थित राम जानकी मंदिर के पास मांस की दुकान से अवैध कब्जा हटाने के दौरान गुरुवार को जमकर बवाल हुआ था। उस दौरान हसनान खान ने अपने कुछ साथियों के साथ भाजपा के पूर्व महानगर मंत्री के भाई अंकित भाटिया के साथ उनके साथियों पर हमला बोल दिया था। उस हमले में अंकित भाटिया गंभीर रूप से घायल हुए थे। करीब चार घंटे बवाल के दौरान पूरे क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया था। पुलिस फोर्स ने हमलावरों की तलाश में दुकान से लेकर घरों में दबिश दी। इस मामले में पूर्व महानगर मंत्री यतिन भाटिया की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया था।
आरोपी भी हुए घायल
पुलिस ने चार आरोपियों मुजीब, इनाम, नवाब और हसनान को गुरुवार को ही गिरफ्तार कर लिया था। वहीं अब पांचवें आरोपी मोहम्मद रहीस मियां को गिरफ्तार किया गया है। इस तरह पांच आरोपियों को अब तक जेल भेजा चुका है। बताया जा रहा है कि बवाल में हसनान, मुजीब और नवाब भी घायल हुए हैं।
नगर निगम भी सवालों के घेरे में
बता दें कि नगर आयुक्त ने वरिष्ठ अतिक्रमण अधिकारी अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व टीम को कार्रवाई के लिए भेजा था। मामला दो संप्रदायों से जुड़ा होने के बाद भी पुलिस को कार्रवाई की जानकारी नहीं दी गई। इसलिए अब नगर निगम के अधिकारी भी इस मामले में घिनते नजर आ रहे हैं।
Published on:
16 Jul 2022 01:44 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
