बाड़मेर। बाड़मेर की रेशमा के पाकिस्तान में पड़े शव को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के एक और ट्वीट की सख्त जरूरत है ताकि उसकी मिट्टी को देश की माटी नसीब हो। 27 जुलाई को विदेश मंत्री के ट्वीट बाद भारत पाकिस्तान दोनों और से हुए प्रयास से रेशमा के शव को भारत लाने की इजाजत तो मिल गई लेकिन थार एक्सप्रेस चूक जाने से अब शव को लेकर परिजन मीरपुर खास में इस इंतजार में बैठे है कि उनकी कोई मदद हो और मुनाबाव के रास्ते शव आज ही लाने दिया जाए। 5 दिन से रेशमा की देश की माटी को तरस रही है।