सामोद। नए साल की खुशी पर सीकर में देव स्थानों पर दर्शन कर घर वापस लौट रहे थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। बीच रास्ते में पलसाना के पास यमदूत बनकर पिकअप से भिड़े ट्रक से सामोद कस्बे के एक ही परिवार के 8 जनों सहित 12 व्यक्तियों की मौत हो गई। गांव में जिसने भी हादसे की सुनी, वही सहम गया। शाम को हादसे की सूचना गांव में फैल गई। परिवार के लोग नव वर्ष पर खंडेला गणेश मंदिर सहित अन्य देव स्थानों के दर्शन करने गए थे। हादसे में एक ही परिवार के तीन सगे भाई बहन और एक बहू की मौत हो गई। वहीं इसी परिवार के मृतकों के चचेरे भाइयों की दो पत्नी, एक भतीजा व गांव निवासी एक मित्र की मौत हो गई।