
सी-विजिल ऐप में एक माह में चुनाव गाइड लाइन के उल्लंघन की 12 शिकायत, जागरूक हुए मतदाता
बेमेतरा. जिले में सी-विजिल ऐप्स में एक माह में सिर्फ 12 शिकायतें आई हैं। इसमें से पांच को निरस्त किया गया है, वहीं शेष 7 शिकायतों में से 6 का निराकरण किया गया है। एक शिकायत पेंडिंग हैं। ऐप्स में कोबिया वार्ड, ग्राम कुसमी, दुर्ग रोड खम्हरिया, मोहभ_ा रोड, एनएच छत्तीसगढ़ एवं देवकर से जुड़ी शिकायतें की गई हैं।
शिकायतकर्ताओं के नाम गोपनीय रखे गए हैं। पहली शिकायत 26 अक्टूबर और अंतिम शिकायत 14 नवंबर को की गई है। निर्वाचन आयोग ने बेमेतरा, साजा एवं नवागढ़ विधानसभा में लोगों को चुनाव से संबंधित शिकायतें करने के लिए सी-विजिल ऐप्स लांच किया गया है।
जिला कार्यालय में रिटर्निंग कक्ष बेमेतरा के सामने एक माह से कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां शिकायत करने नंबर सार्वजनिक किए गए हैं। इसके अलावा नए सर्किट हाउस में पर्यवेक्षकों से मिलने का समय भी निर्धारित किया गया है। व्यय पर्यवेक्षक अंकित आनंद ने बताया कि उनके पास अभी तक शिकायत नहीं आई है।
निर्वाचन संबंधी जानकारी के लिए टोल-फ्री नंबर
विधानसभा निर्वाचन के संबंध में जानकारी लेने के लिए टोल-फ्री नंबर स्थापित किया गया है। जिसमें 07711950 एवं 1800111950, आयकर से संबंधित जानकारी के लिए 18002337010 एवं कलक्टोरेट बेमेतरा में कंट्रोल नंबर - 07824222326 स्थापित किया गया है। शिकायत शाखा प्रभारी सिली थामस के अनुसार लोग प्ले स्टोर में जाकर ऐप्स डाउनलोड कर शिकायतें भेज कर सकते हैं।
यह ऐप निर्वाचन घोषणा की तिथि से राज्य में प्रभावी हो गया है। ऐप की खास बात यह है कि इसमें शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। इस एंड्राइड ऐप के जरिए प्रदेश के मतदाता अपने नाम या वोटर आइडी नंबर से निर्वाचन संबंधी जानकारी ले सकते हैं। कुछ सेकंड में भाग संख्या, क्रम संख्या एवं मतदान केंद्र की जानकारी मिल सकेगी। इसके अलावा परिवारजनों के नाम एक देखने की सुविधा मिल सकेगी।
अपराध पंजीबद्ध किया
बिजली विभाग की विजिलेंस टीम की नजर में आने के बाद 24 घंटे के दौरान दो प्रकरण दर्ज किए गए थे। इसमें बेमेतरा थाना में दुर्ग रोड पर शासकीय विद्युत पोल पर बैनर लगाया गया था। विभाग के जेई गुलाबराम साहू की रिपोर्ट पर वार्ड 6 बेमेतरा में बिजली के खंभे पर आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी का बैनर-पोस्टर लगाने पर धारा 3 छत्तीसगढ़ संपत्ति विरूपण निवारण अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
दूसरे मामले में कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी का बैनर-पोस्टर बिजली खंभे में लगा मिला। इस पर भी अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। सिली थामस डिप्टी कलेक्टर शिकायत शाखा प्रभारी ने बताया कि जिले में सी-विजील मेें अब तक 12 शिकायतें आई हैं। इसमें से 6 का निराकरण किया गया है। एक पेंडिंग है।
Published on:
17 Nov 2018 01:24 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
