28 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Sanchar Kranti Yojna: मुफ्त मोबाइल योजना में बड़ा झोल, इस जिले में एक हजार लोगों के नाम ऑनलाइन सूची में दो बार दर्ज

संचार क्रांति योजना (स्काई) के क्रियान्वयन से पहले ही ऑनलाइन सूची को लेकर गड़बड़ी सामने आने लगी है। हितग्राहियों की ऑनलाइन सूची में एक ही व्यक्ति के नाम अनेक बार नजर आ रहे हैं।

2 min read
Google source verification
patrika

मुफ्त मोबाइल योजना में बड़ा झोल, इस जिले में एक हजार लोगों के नाम ऑनलाइन सूची में दो बार दर्ज

बेमेतरा. गरीब परिवारों को दूरसंचार क्रांति का हिस्सा बनाने राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई संचार क्रांति योजना (स्काई) के क्रियान्वयन से पहले ही ऑनलाइन सूची को लेकर गड़बड़ी सामने आने लगी है। हितग्राहियों की ऑनलाइन सूची में एक ही व्यक्ति के नाम अनेक बार नजर आ रहे हैं। इससे वितरण के दौरान समस्या आने की आशंका जताई जा रही है।

कई बार नाम दर्ज किया
जिले के 8 निकायों में 7490 हितग्राहियों को संचार क्रांति योजना के तहत स्मार्ट फोन दिया जाना है। बेमेतरा नगर पालिका से मिली जानकारी के अनुसार, शहर के 21 वार्डों के 3040 हितग्राहियों को मोबाइल दिया जाना है, लेकिन ऑनलाइन रिकार्ड में 4131 हितग्राहियों का नाम दर्शाया जा रहा है। इनमें से एक हितग्राही का कई बार नाम दर्ज किया गया है।

यह त्रुटि केवल एक वार्ड की नहीं बल्कि सभी वार्डों की सूची में नजर आ रही है। पुष्पा बाई, मुरती बाई, अमरिका बाई, उषा गुप्ता, कोशिल्या, काशी राम, शांति बाई, गौरी बाई बुधियारिन बाई, परमिला सहित अनेक हितग्राही हैं, जिनके नाम का दोहराव के साथ एक ही वार्ड, एक ही बीपीएल कार्ड व व पता भी एक ही दर्शाया गया है। इसके अलावा दूसरे हितग्राहियों के भी नाम के दोहराव की आशंका है, जिसकी जानकारी निकायों के पास नहीं है।

यहां लगाया जाएगा शिविर
जिला कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, बेमेतरा नगर पालिका में 3 अगस्त से मोबाइल वितरण के लिए दो स्थानों पर शिविर लगाया जाएगा, जिसमें आश्रय स्थल अस्पताल के सामने व टाउनहाल बेेमेतरा शामिल है। इसके अलावा इसी दिन परपोड़ी में संास्कृतिक भवन में शिविर लगाकर 458 हितग्राहियों को मोबाइल वितरित किया जाएगा।

4 अगस्त से मारो नगर पंचायत में 489 हितग्राही को, 5 अगस्त से देवकर नगर पंचायत में 731 हितग्राही को, 7 अगस्त से नवागढ़ में 1110 हितग्राही, बेरला में 670 हितग्राही को, 9 अगस्त से खम्हरिया में 850 हितग्राही और 13 अगस्त को साजा के साहू सांस्कृतिक भवन में 598 हितग्राहियों को मोबाइल का वितरण किया जाएगा। शिविर में एक दिन में 220 हितग्राहियों को मोबाइल दिया जाएगा।

प्रभारी को दी गई जानकारी
बहरहाल, वितरण के पूर्व जारी की गई सूची से योजना के हितग्राहियों के नामों को लेकर संशय की स्थिति बन गई है। ऐसी स्थिति में सूची को दुरुस्त कर आशंका को दूर करना जिम्मेदारों के लिए चुनौती बन गई है। सीएमओ बेमेतरा नपा मोहेंद्र साहू ने बताया कि ऑनलाइन रिकार्ड में त्रुटिपूर्ण डाटा दर्शाए जाने की जानकारी जिला प्रभारी को दे दी गई है। जिला इ प्रबंधक महेंद्र वर्मा ने बताया कि एक ही व्यक्ति का नाम कई दफे दर्ज किए जाने की स्थिति में एक बार ही लाभ मिलेगा। सूची में शामिल अन्य नामों को हटा दिया जाएगा।

छात्रों को सितंबर में दिया जाएगा मोबाइल
जिले के शहरी क्षेत्रों में कुल 10,320 आवेदन मंगाए गए थे, लेकिन 7490 हितगाहियों ने ही आवेदन प्रस्तुत किया। गांवों में अगस्त के अंतिम सप्ताह में मोबाइल का वितरण किया जाएगा कॉलेज छात्रों को सितंबर में मोबाइल दिया जाएगा। बीपीएल हितग्राहियों को भारत 2 प्लस मोबाइल दिया जाएगा।