Bhajan Lal Cabinet : कांग्रेस के गढ़ में सेंध लगाकर भाजपा ने पूर्वी राजस्थान में सत्ता तो साध ली है, लेकिन मंत्रिमंडल में इस संभाग को तवज्जो नहीं मिल सकी है। नए मंत्रिमंडल में भरतपुर को महज एक राज्यमंत्री ही मिला है। यह मंत्री पद भी नए जिले डीग में गया है। ऐसे में भरतपुर के हाथ अभी भी खाली हैं। पिछली कांग्रेस सरकार ने भरतपुर संभाग की मंत्रियों से झोली भर दी थी, लेकिन भाजपा ने इस मामले में कंजूसी ही बरती है। भरतपुर-डीग जिले को इस बार दो से तीन मंत्रियों की आस थी। भरतपुर जिले की बात करें तो पिछली सरकार में भरतपुर से सात विधायक थे। इनमें से दो कैबिनेट मंत्री, दो राज्यमंत्री एवं दो राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त बोर्ड के अध्यक्ष रहे थे। धौलपुर जिले को छोड़ दिया जाए तो सभी जगह भाजपा को बढ़त मिली है, लेकिन इसके मुताबिक यहां मंत्री पद नहीं दिए गए हैं।