
दुर्ग . मामूली विवाद पर पांच वर्ष के मासूम की हत्या करने के बाद एक लाख रुपए फिरौती लेने वाले जलेबी चौक कैंप एक भिलाई निवासी अजय कुमार सिंह (20 वर्ष) को हत्या की धारा के तहत आजीवन कारावास की सजा दी गई है। इस बहुचर्चित मामले में मंगलवार को फैसला न्यायाधीश हरीश कुमार अवस्थी ने सुनाया। न्यायाधीश ने आरोपी को मासूम का अपहरण करने की धारा के तहत पांच वर्ष और फिरौती लेने की धारा के तहत सात वर्ष कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही तीनों धाराओं के तहत कुल 1500 रुपए जुर्माना भी किया है। जुर्माने की राशि जमा नहीं करने पर आरोपी को छह माह अतिरिक्त कारावास में रहना होगा।
घटना पांच जनवरी 2011 की
घटना पांच जनवरी 2011 की है। आरोपी अजय कुमार सिंह ने पड़ोस में रहने वाले पांचवी की पढ़ाई करने वाले छात्र सत्यजीत कहार को चाकलेट खिलाने का लालच देकर अपहरण कर लिया था। घटना के दिन ही देर रात आरोपी ने रस्सी से मासूम का गला घोट हत्या कर शव को सेक्टर पांच स्थित झाडिय़ों के बीच बने गटर चेंबर में डाल दिया था। इस घटना के बाद आरोपी ने एक लाख फिरौती की मांग क रते हुए पत्र लिखा था। पत्र में धमकी दी गईथी कि अगर फिरौती के बारे में किसी को जानकारी दी गईतो मासूम की वे हत्या कर देंगे। आरोपी ने स्वंय को और मासूम को नागपुर में होना बताया था। पुलिस को पत्र के बारे में जानकारी लगते ही योजना बद्ध तरीके से आरोपी को फिरौती की रकम लेते रंगे हाथ पकड़ा। आरोपी के पकड़े जाने के बाद हत्या का खुलासा हुआ।
ऐसे पकड़ाया आरोपी
पीडि़त परिवार को लिखे पत्र में आरोपी ने कहा था कि नोट १०००-१००० के होने चाहिए और नोटों को सफेद कपड़े में लपेटकर गली में लगे विंडो कूलर को खोलकर रखकर वहां से हट जाए। पुलिस की मदद से पीडि़त परिवार ने वैसा ही किया। इधर पुलिस आरोपी के पहुंचने का इंतजार कर रही थी। जैसे ही आरोपी नोट को कूलर से बाहर निकाला पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी के निशानदेही पर शव को बरामद किया।
जाने हत्या की वजह
घटना के कुछ दिन पहले मृतक मासूम के बड़े पापा से आरोपी का विवाद हुआ था। आरोपी ने बदला लेने के लिए मासूम का अपहरण किया और हत्या कर दी। उसने हत्या करने के लिए पहले बाजार से नायलोन का रस्सी खरीदा। उसी रस्सी से मासूम का गला घोट कर शव को गटर में फेंक दिया।
छावनी थाना में गुमशुदगी
मासूम सेंट थामस स्कूल का छात्र था। पांच जनवरी २०११ को स्कूल से घर लौटने के बाद वह कपड़ा बदलकर खेलने निकला था। देर शाम तक मासूम के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने पहले मुहल्ले में खोजबीन की। मासूम के नहीं मिलने पर देर रात छावनी थाना पहुंचकर छावनी थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
Updated on:
28 Nov 2017, 8:22 PM IST
Published on:
28 Nov 2017, 8:18 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.