
10 वीं 12 वीं बोर्ड द्वितीय मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन शुरू (Photo Patrika)
CG Board Exam: माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की कक्षा 10 वीं और 12 वीं बोर्ड के छात्रों के लिए द्वितीय मुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन करने शनिवार से लेट फीस के साथ एक और मौका मिलेगा। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत द्वितीय मुख्य परीक्षा में वे सभी विद्यार्थी शामिल हो सकेंगे, जो प्रथम परीक्षा में बैठे थे।
यानी इस परीक्षा में पूरक और अनुत्तीर्ण विद्यार्थी तो शामिल हो ही सकेंगे, लेकिन उनके साथ अंक सुधार और अपने पूर्व के परीक्षा परिणाम से असंतुष्ट विद्यार्थी भी शामिल होंगे। द्वितीय मुख्य परीक्षा हाईस्कूल और हायर सेकंडरी, मुख्य, नियमित विद्यार्थियों के लिए होगी। परीक्षा के लिए आवेदन करने की शुरुआत 20 मई से हुई थी। विद्यार्थियों को बिना विलंब शुल्क के 10 जून तक मौका दिया गया था। इसके बाद 21 जून से 30 जून तक विशेष विलंब शुल्क के साथ ही आवेदन जमा कर पाएंगे।
द्वितीय बोर्ड परीक्षा में शामिल छात्रों के नंबर नहीं बदलने की स्थिति में पहली वाली मार्कशीट ही मान्य होगी। बहुत सारे छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण होने के बाद भी अपने नंबर बढ़ाने के लिए अवसर परीक्षा में बैठेंगे। यदि छात्रों के नंबर नहीं बढ़े तो मार्कशीट भी नहीं बदलेगी। छात्र-छात्राएं जिन विषयों की परीक्षा देना चाहे दे सकते हैं। इसमें विषयों की संख्या निर्धारित नहीं की गई है। चाहें तो सभी विषयों की परीक्षाएं भी दोबारा दी जा सकती है। इसमें दुर्ग जिले से कई बच्चे हैं जो बोर्ड की मुख्य परीक्षा के सभी विषयों में उत्तीर्ण हैं, बावजूद इसके अंक वृद्धि के लिए पूरी परीक्षा दोबारा से दे सकेंगे।
नियमित छात्र अपने विद्यालय के माध्यम से आवेदन करेंगे।
एनईपी क्रेडिट योजना के तहत परीक्षा में शामिल होने वाले छात्र अग्रेषण संस्थाओं के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।
मंडल ने सभी विद्यालयों और संस्थाओं को निर्देशित किया है कि वे समय-सीमा का पालन करते हुए विद्यार्थियों के आवेदन पत्र ऑनलाइन भरवाना सुनिश्चित करें।
यह द्वितीय मुख्य परीक्षा छात्रों को अपनी शैक्षणिक प्रगति सुधारने और पुन: परीक्षा में सफल होने का अवसर प्रदान करेगी।
आवेदन की तिथियां
विलंब शुल्क के साथ : 11 जून से 20 जून 2025 तक
विशेष विलंब शुल्क के साथ : 21 जून से 30 जून 2025 तक
Updated on:
21 Jun 2025 12:07 pm
Published on:
21 Jun 2025 12:07 pm
