भिलाई . सामान्य सा परिवार। पिता दर्जी हैं, लेकिन बेटे का सपना है आईएएस बनना। यह वही बेटा है जिनसे सीजी बोर्ड 12वीं में 96.80 फीसदी अंक हासिल किए हैं। इस तरह वह पूरे प्रदेश में चौथे पायदान पर है। हम बात कर रहे हैं खुर्सीपार निवासी छात्र विनय चौहान की। अपने बेटेे की इस उपलब्धि से पिता इस कदर भावुक हैं कि कभी बेटे को गले लगाते तो कभी आंखों से बे-इंतहा खुशी के आंसू छलक पड़ते हैं। बेटे ने काम ही कुछ ऐसा किया है। साल भर की जीतोड़ मेहनत और कुछ कर गुजरने के इरादे के साथ उसने साबित किया है कि बड़ा स्कूल और हजारों रुपए की कोचिंग सबकुछ नहीं। चाहिए तो बस, हौसला और परिवार का सपोर्ट।