13 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ताम्रध्वज के खिलाफ चुनाव लडऩे वाले पार्षद चुम्मन देशमुख कांग्रेस से बर्खास्त, भाजपा में भी बन रही संदिग्धों की सूची

मतदान के बाद अब बागियों और भितरघातियों पर तलवार लटकने लगी है। कांग्रेस ने पहली कार्रवाई कर भी दी है।

3 min read
Google source verification

भिलाई

image

Dakshi Sahu

Nov 22, 2018

PATRIKA

ताम्रध्वज के खिलाफ चुनाव लडऩे वाले पार्षद चुम्मन देशमुख कांग्रेस से बर्खास्त, भाजपा में भी बन रही संदिग्धों की सूची

भिलाई. मतदान के बाद अब बागियों और भितरघातियों पर तलवार लटकने लगी है। कांग्रेस ने पहली कार्रवाई कर भी दी है। पार्टी से बगावत कर दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लडऩे वाले भिलाई नगर निगम में रिसाली वार्ड के पार्षद चुम्मन देशमुख को बाहर का रास्ता दिखा दिया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष तुलसी साहू ने चुम्मन को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। उन्होंने दुर्ग ग्रामीण से कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी ताम्रध्वज साहू के खिलाफ चुनाव लड़ा ।

कार्रवाई प्रदेश संगठन करेगा
नामांकन दाखिल करने के बाद पार्टी नेताओं ने उन्हें मना लेने की बात कही थी। इसके बाद भी वे अपना चुनाव प्रचार करते रहे। तुलसी के मुताबिक इसी वजह से उसके खिलाफ कार्रवाई की गई। भाजपा में अधिकृत प्रत्याशियों को चुनाव में नुकसान पहुंचाने वाले संदिग्ध पदाधिकारियों की सूची बनाई जा रही है। प्रत्याशियों के चुनाव संचालन समिति में शामिल रहे नेता ऐसे पदाधिकारियों की जानकारी जुटा रहे हैं,जिनकी भूमिका संदिग्ध रही है। ऐसे लोगों की सूची बनाकर प्रदेश संगठन को भेजी जाएगी। पार्टी से जुड़े लोगों का कहना है इस पर कार्रवाई प्रदेश संगठन करेगा।

संदिग्ध माना जा रहा
भाजपा व कांग्रेस पार्टी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि जिले के छह में से चार विधानसभा दुर्ग ग्रामीण,अहिवारा,वैशाली नगर और भिलाई नगर में दोनों पार्टियों में जमकर भीतरघात हुआ है। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दलों के संगठन के प्रमुख नेताओं ने कई पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की चुनाव में भूमिका को संदिग्ध माना है। इनमें से वैशाली नगर क्षेत्र में सबसे अधिक भीतरघात की सूचना संगठन के प्रमुख नेताओं के कानों तक भी पहुंच चुकी है। कांग्रेस में अब तक जहां चार लोगों के नाम सामने आए हैं,वहीं भाजपा में 10 पदाधिकारियों की भूमिका को संदिग्ध माना जा रहा है।

नेताओं के कान खड़े हो गए
पार्टी के बड़े नेताओं के इशारे पर संदिग्धों की अलग सूची बनाई जा रही है। कांग्रेस में कैम्प और सुपेला ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के चार पदाधिकारियों के नाम सूची में है। भाजपा में वैशाली नगर, सुपेला, कैम्प, पश्चिम और सेक्टर मंडल के मंडल, जिला संगठन और महिला मोर्चा के 10 पदाधिकारियों के नाम लिए जाए जा रहे हैं। पार्टी के नेता नामों का खुलासा नहीं कर रहे हैं। उनका कहना है कि पूरी छानबीन के बाद कार्रवाई की जाएगी। अहिवारा और दुर्ग विधानसभा में भी ऐसी ही स्थिति है। भिलाई-चरोदा में दोनों दलों के कार्यकर्ताओं पर पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी को अंदरूनी रूप से नुकसान पहुंचाने की बात सामने आने के बाद पार्टी के बड़े नेताओं के कान खड़े हो गए हैं।

प्रत्याशी के साथ चुनाव प्रचार करने नहीं निकले दावेदार
दोनों पाटियों में टिकट की दावेदारी करने वाले कई नेता चुनाव में अपने क्षेत्र के प्रत्याशी के साथ चुनाव प्रचार में नजर नहीं आए। टिकट नहीं मिला तो ऐसे नाराज पदाधिकारी और कई दावेदारों ने प्रत्याशियों का साथ नहीं दिया। प्रत्याशी के साथ चुनाव प्रचार करने नहीं निकले। कई असंतुष्ट नेता पार्टी संगठन के आदेश का उल्लंघन कर अपने विधानसभा सीट को छोड़कर दूसरी सीट पर प्रचार करने निकल गए।

महिला कार्यकर्ता के साथ हुआ ब्लॉक पदाधिकारी का विवाद
मतदान के बाद २० नवंबर को वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र के एक महिला और पुरुष पदाधिकारी के बीच जमकर विवाद हुआ। सूत्रों के अनुसार तो बात मारपीट तक पहुंच गई थी, लेकिन कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बीच बचाव कर मामले को शांत कराया। बताया जाता है कि मतदान के बाद कांग्रेस प्रत्याशी बीडी कुरैशी ने ३२ बंगला स्थित आवास में बैठक बुलाई थी। जहां सुपेला ब्लॉक के एक प्रमुख पदाधिकारी व महिला पदाधिकारी के बाच जमकर लड़ाई हो गई। दोनों एक दूसरे पर पार्टी के खिलाफ काम करने का आरोप लगा रहे थे।

एक पार्षद का वीडियो हुआ वायरल
वैशाली नगर क्षेत्र में मतदान के दिन एक भाजपा पार्षद का वीडियो खूब वायरल हुआ। वायरल वीडियो में भाजपा पार्षद पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ बयानबाजी करते दिख रहे हैं। चुनाव संचालने करने वाले इस वीडियो के बारे में छानबीन कर रहे हैं। चुनाव संचालन समिति में शामिल एक नेता ने बताया कि छानबीन के बाद प्रदेश संगठन से इसकी शिकायत की जाएगी।

अध्यक्ष भिलाई जिला भाजपा, सांवलराम डाहरे ने बताया कि भीतरघात या बगावत जैसी बात नहीं है। सभी कार्यकर्ताओं ने टीम बनाकर काम किया है। किसी ने ऐसी कोई शिकायत भी नहीं की है। ऐसी कोई शिकायत मिलेगी तो उससे प्रदेश संगठन को अवगत कराएगा जाएगा।अध्यक्ष दुर्ग ग्र ामीण कांग्रेस कमेटी तुलसी साहू ने बताया कि पार्षद चुम्मन चंद्राकर ने पार्टी के अधिकृत प्रत्याश्ीा के खिलाफ बगावत कर नामांकन दाखिल किया। मनाने के बावजूद चुनाव प्रचार किया। इसलिए पार्टी ने उन्हें निष्कासित कर दिया। अभी तक चुनाव में नुकसान पहुंचाने की शिकायत किसी ने नहीं की है। शिकायत आएगी तो उसे संगठन को भेजा जाएगा।

बड़ी खबरें

View All

भिलाई

छत्तीसगढ़

ट्रेंडिंग