
राजनांदगांव. गर्मी के दिनों में देर शाम ग्रामीण खुली हवा का आनंद लेने बाहर आते हैं और अक्सर चौपाल में बैठते हैं। हर गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीणों का जमावड़ा होता है। शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जानने एवं लोगों की समस्या को समझने के लिए कलक्टर भीम सिंह ने ऐसे ही रात्रिकालीन चौपाल के आयोजन का निर्णय लिया और इसके लिए छुरिया ब्लॉक के ग्राम पंचायत सड़क चिरचारी पहुंचे। उनके साथ सहायक कलक्टर डॉ. रवि मित्तल एवं छुरिया सीईओ नवीन भगत भी उपस्थित थे।
10 बजे तक ग्रामीणों की समस्या सुनी
कलक्टर रात आठ बजे यहां पहुंचे और साढ़े दस बजे तक ग्रामीणों की समस्या सुनी। ग्रामीणों ने कलक्टर से कहा कि मनरेगा के काम शुरू होने की वजह से ग्रामीणों का नागपुर, मुंबई जैसे शहरों की ओर खरीफ सीजन के पश्चात बड़ी संख्या में पलायन रूक गया है। यदि परिवार में सदस्यों की संख्या के बढ़ते अनुपात में जॉब कार्ड की वृद्धि की जाए तो पलायन पूरी तरह रूक जाएगा। इस पर कलक्टर ने सचिव को निर्देशित किया कि परिवार में शादी होने पर युवक का पृथक जॉब कार्ड भी बनाया जाए।
रास्ता उपलब्ध कराने के निर्देश
ग्रामीणों ने बताया कि पशुओं को चराने के लिए उस ओर हाइवे के पास से गुजरना होता है इससे पशुधन का नुकसान भी हो जाता है। यदि वन विभाग के डिपो के बगल से रास्ता मिल जाए तो इसके लिए आसानी होगी। इस पर कलेक्टर ने वनविभाग को इस संबंध में निर्देशित कर ग्रामीणों को गुजरने बगल से रास्ता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में 350 घर हैं इसमें 67 मकान पीएम आवास के बने हैं। लोगों को घर तो मिला ही है, राजमिस्त्रियों को भी पीएम आवास में काम मिला है।
कार्रवाई के निर्देश
चौपाल में गांव के ही एक बुजुर्ग ने अपने बेटों की शिकायत की। उन्होंने कहा कि वे अपने माता-पिता का ध्यान नहीं रखते और इनके साथ दुव्र्यवहार करते हैं। कलक्टर ने एसडीएम को मेंटेनेंस ऑफ सीनियर सिटीजन एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
भीमराव मौर्य बनेगा वीएलई
कलक्टर ने गांव के पढ़े-लिखे युवकों से चर्चा भी की। गांव के युवक भीमराव मौर्य ने बताया कि उसने कम्प्यूटर की पढ़ाई की है और उसे रोजगार की तलाश है। कलक्टर ने कहा कि गांव में ही रहकर यदि रोजगार चाहिये तो वीएलई बन सकते हैं। इसके लिए लैपटाप लेने तथा अन्य संसाधनों के लिए ऋण स्वीकृत करा दिया जाएगा।
पशु औषधालय की मांग
ग्रामीणों ने सड़क चिरचारी में पशु औषधालय की मांग भी की। उन्होंने कहा कि सबसे निकट पशु औषधालय बापूटोला में है। पशुओं के बीमार होने की जानकारी देने पर भी यहां की पशु चिकित्सक काफी विलंब से पहुंचती हैं तब तक पशु की जान चली जाती है। इस पर कलक्टर ने कहा कि यहां पशुऔषधालय की जरूरत के संबंध में शासन को पत्र लिखा जाएगा।
पानी टंकी, शौचालय भी बनेंगे
ग्रामीणों ने पेयजल की समस्या भी कलक्टर के समक्ष रखी। कलक्टर ने कहा कि इसके लिए गांव में पानी टंकी का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही दो सार्वजनिक शौचालय का निर्माण भी किया जाएगा। गांव में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही कलक्टर ने पेंशन के पात्र हितग्राहियों के प्रकरण बनाने के निर्देश सचिव को दिए। साथ ही सभी पात्र हितग्राहियों के राशन कार्ड भी जारी करने के निर्देश दिए।
पीकर हुल्लड़ करने वालों पर 5 हजार का जुर्माना
गांव वालों ने कलक्टर को बताया कि महिला फौज यहां बहुत अच्छा काम कर रही है इससे नशाखोरी में गिरावट आई है। गांव वालों ने बताया कि पीकर हुल्लड़ करने वालों पर पांच हजार रुपए जुर्माना करने का निर्णय गांव वालों ने लिया है।
Published on:
27 Apr 2018 01:03 pm
बड़ी खबरें
View Allभिलाई
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
