10 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

इंजीनियरिंग कॉलेजों में ऑफर की भरमार, हां..हां..आइए, मात्र पांच हजार में हम पढ़ाने को तैयार

सुनने में थोड़ा अजीब लगा रहा होगा, लेकिन यह उन कॉलेजों के ऑफर्स हैं, जो सीट नहीं भर पाने के कारण इन दिनों मुश्किल हालात से गुजर रहे हैं।
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भिलाई

•

image

Dakshi Sahu

•

Updated: 29 Jul 2018, 10:30 AM IST

patrika

इंजीनियरिंग कॉलेजों में ऑफर की भरमार, हां..हां..आइए, मात्र पांच हजार में हम पढ़ाने को तैयार

मोहम्मद जावेद @भिलाई. इंजीनियरिंग में प्रवेश चाहिए? हां...हां, आइए। हमारे यहां तमाम तरह के ऑफर्स हैं। अरे... फीस का टेंशन छोडि़ए वो सब तो होता रहेगा। आप पहले एडमिशन कराइए। वैसे फीस तो 28 हजार है, लेकिन आप ज्यादा नहीं हजार रुपए प्रति सेमेस्टर दे दीजिएगा।

सुनने में थोड़ा अजीब लगा रहा होगा, लेकिन यह उन कॉलेजों के ऑफर्स हैं, जो सीट नहीं भर पाने के कारण इन दिनों मुश्किल हालात से गुजर रहे हैं। खुद का अस्तित्व बचाए रखने के लिए ऑफर्स देना उनकी मजबूरी बन गया है। ऑफर्स देने वालों कॉलेजों में शहर की कुछ नामी संस्थाएं भी शामिल हैं, जिन्होंने फीस आधी करने का फैसला लिया।

छात्र होल्ड, आइएल में मिलेगा कॉलेज
जिले के 24 इंजीनियरिंग कॉलेजों में से 4 को छोड़कर हर एक में एडमिशन ऑफर्स की ऐसी ही तस्वीर देखने को मिलेगी। पांच दिन बाद २ अगस्त से कॉलेजों में संस्था स्तर की काउंसलिंग शुरू होगी। ऑफर्स का फायदा उठाने वालों को काउंसलिंग में शामिल होना होगा। ये वही छात्र होंगे, जिन्हें कॉलेजों ने ऑफर्स देकर फिलहाल प्रवेश के लिए होल्ड पर रखा है। आइएल में कॉलेज का चुनाव करने के बाद ऑफर वाली फीस जमा करनी होगी।

एक साल के दो सेमेस्टर में जहां छात्र को 72 हजार रुपए फीस चुकानी पड़ती तो अब सिर्फ ३६ हजार ही लगेंगे। ब्रांच कंप्यूटर साइंस, मैकेनिकल नहीं चाहिए तो यह रकम और भी कम हो जाएगी। फीस कम दीजिए साथ में छात्र के लिए बस सुविधा भी मुफ्त मिलेगी। बस के लिए करीब १२ हजार रुपए माफ हो जाएगा। ये स्किम उन इंजीनियरिंग कॉलेजों में है, जहां सीटें तो 360 है, लेकिन प्रवेश २० फीसदी भी नहीं हो पाए। कॉलेज का स्टाफ और अन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए एक ही रास्ता है, चाहे जैसे भी हो प्रवेश आने चाहिए।

इंजीनियरिंग कॉलेजों का एक ऑफर यह भी है कि छात्र यदि प्रवेश लेता है तो उसे मुफ्त लैपटॉप की सौगात दी जाएगी। यह ट्रिक सबसे अधिक ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को आकर्षित करने में मददगार साबित हो रही है। अगर फीस के पैसों की दिक्कत है तो कोई बात नहीं। आप दो या तीन किस्तों में फीस चुका दीजिए। अगर पैसा नहीं है तो सरकार की तरफ से मिलने वाली छात्रवृत्ति के बाद अदा कर देना।

ट्विनसिटी के इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश लेने के बाद यदि छात्र हॉस्टल में रहना चाहे तो हॉस्टल फीस के तौर पर उसे 32 से 52 हजार रुपए तक देने होते हैं। जिन संस्थानों की सीट भर गई हैं, वहां तो अब भी यही प्रकिया है, लेकिन जिनकी नहीं भर पाई है, वहां मुफ्त हॉस्टल ऑफर भी मौजूद है। मेस का झंझट भी खत्म, चाहो तो रूम पर ही खाना पकाओ।

कॉलेज संचालकों का कहना है कि यह वह दौर है जब प्रवेश के लिए विद्यार्थी बारगेनिंग(मोलभाव) करने पहुंच रहे हैं। उन्हें कॉलेजों की स्थिति का अंदाजा है, इसलिए एक कॉलेज को दूसरे की कम फीस का हवाला देकर प्रवेश पर चर्चा हो रही है। जहां अधिक सीटें खाली है, उनमें ऐसे विद्यार्थियों को प्रवेश भी दिया जा रहा है। कॉलेज खुद भी इस बात की पुष्टि कर रहे हैं कुछ एजेंट मार्केट में सक्रिय हैं, जो ग्रामीण बच्चों से मुलाकातकर उन्हें इंजीनियरिंग के लिए मना रहे हैं, और फिर उन्हें सबसे कम में प्रवेश दिलाकर कमीशन ले रहे। यह राशि एक हजार से पांच हजार तक है।

6 कॉलेज इस साल हो सकते हैं बंद
इस साल पीईटी की काउंसलिंग में भिलाई के दो कॉलेजों में सिर्फ एक-एक प्रवेश हुआ है, जबकि दोनों को मिलाकर ८६५ सीटें हैं। अहम बात यह है कि यह दोनों ही शहर की नामी संस्थाओं में से एक है। इनके अलावा रायपुर के दो कॉलेजों में इस साल शून्य फीसदी प्रवेश हुए। ऐसी चर्चा है कि संस्था स्तर काउंसलिंग समाप्त होने के बाद यह संस्थाएं तकनीकी शिक्षा संचालनालय के सामने कॉलेज बंद करने का प्रस्ताव रख सकती हैं।

क्यों बनी इस तरह की स्थिति
काउंसलिंग शुरू हुई तो ३ चरणों में सिर्फ ४४४२ विद्यार्थियों ने ही प्रवेश लिया। प्रदेश के ४५ इंजीनियरिंग कॉलेजों में १६००६ सीटे हैं। यानि ११६४६ सीटें रिक्त हैं। कॉलेजों में सिर्फ २७.६१ फीसदी प्रवेश हो पाए हैं। मैनेजमेंट कोटे पर प्रवेश के लिए सिर्फ दो दिन शेष है, इसमें अभी तक ४०० के आसपास सीटें भरी हैं। इसमें भी सिर्फ दुर्ग बीआईटी ही इकलौता कॉलेज है, जिसमें मैनेजमेंट कोटे की सीटें भर पाईं। अन्य में यहां भी प्रवेश का टोटा दिखा।

अध्यक्ष प्राइवेट इंजीनियरिंग कॉलेज एसोसिएशन संजय रूंगटा ने कहा कि हां..., कॉलेजों की ओर से ऑफर्स दिए जा रहे हैं, क्योंकि इस समय इंजीनियरिंग कॉलेज अपना अस्तित्व बचाए रखने की लड़ाई लड़ रहे हैं। काउंसलिंग प्रभारी डीटीई एके गर्ग ने बताया कि कॉलेजों में प्रवेश का ग्राफ कमजोर है। संस्था स्तर पर प्रवेश की काउंसलिंग २ अगस्त से शुरू होनी है। कॉलेजों में इससे प्रवेश होंगे। इस साल आइएल काउंसलिंग दो बार होगी।