12 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गर्भवती महिलाओं को बांट दी एक्सपायरी दवा, शुक्र है साइड इफेक्ट नहीं हुआ

कुतुलबोड़ भांठागांव में उप स्वास्थ्य केंद्र से गर्भवती महिलाओं को एक्सपायरी दवाई वितरण करने का मामला सामने आया है।

2 min read
Google source verification
health department, sub health center,Expiry medicines,  pregnant women, rajnandgaon news,

राजनांदगांव. जिला मुख्यालय से १२ किमी दूर कुतुलबोड़ भांठागांव में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां उप स्वास्थ्य केंद्र से गर्भवती महिलाओं को एक्सपायरी दवाई वितरण करने का मामला सामने आया है। इस दवाई को महिलाओं ने खा लिया है। इसके बाद एक महिला की तबीयत बिगड़ गई है। घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप का माहौल है। पीडि़त व ग्रामीणों ने ऐसे लापरवाह कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं यहां पदस्थ एएनएम का कहना है कि मितानिनों ने एक-दो महिला को धोखे से एक्सपायरी दवाई दे दी है।

मितानिनों ने गर्भवती महिलाओं को यह दवाई बांट दी
ज्ञात हो कि गांव में संचालित उप स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ एएनएम ने कुछ दिन पहले ही गर्भवती महिलाओं को फेरस सल्फेस एवं फोलिक एसिड की गोली बांटने के लिए दी थी। मितानिनों ने गर्भवती महिलाओं को यह दवाई बांट दी। महिलाओं ने यह दवाई खाना प्रारंभ कर दिया। जबकि यह दिसंबर २०१७ में एक्सपायर हो चुकी है। इस दवाई के सेवन से एक गर्भवती महिला राजकुमारी पति छन्नू साहू को उल्टी, बुखार और चक्कर आने की समस्या हो रही है। एएनएम की इस लापरवाही से पीडि़त, परिजन व ग्रामीणों में रोष का माहौल है।

इससे पहले भी हो चुका है केस
पीडि़त महिलाओं व ग्रामीणों ने बताया कि गांव में गर्भवर्ती महिलाओं के साथ इससे पहले भी लापरवाही की घटना सामने आई है। दो महीने पहले एक गर्भवती महिला को टीका लगाने के बाद उसका तीन महीने का गर्भस्थ शिशु खराब हो गया था। इसके अलावा अन्य घटनाएं भी हो चुकी है। ग्रामीणों ने मामलेे की शिकायत स्वास्थ्य विभाग से की है।

सफाई व्यवस्था पर भी ध्यान नहीं
ग्रामीणों ने यहां पदस्थ एएनएम सुशीला मानिकपुरी पर मनमानी करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने बताया कि एएनएम राजनांदगांव से आना-जाना करती हैं। स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद नहीं रहती। यहां डिलवरी केश को हैंडल करने के बजाए सीधे जिला अस्पताल ले जाने कहती है। वहीं स्वास्थ्य केंद्र में सफाई व्यवस्था पर भी ध्यान नहीं दिया जाता।

सेवन भी कर लिया
ग्रामीणों ने बताया कि गांव सहित आश्रित ग्राम छिर्रा की गर्भवर्ती महिलाएं भी एक्सपायरी दवाई का सेवन कर चुकी हंै। कुतुलबोड़ में हीना पति बिसालिक साहू, राजकुमारी पति छन्नू साहू, संगीता पति गोपाल साहू, पुष्पा पति तेजराम साहू, गायत्री पति कौशल साहू, लीना पति डोमन साहू के अलावा गांव की अन्य गर्भवती महिलाओं ने भी दवाई का सेवन कर ली है। इसमें से एक-दो महिलाओं को दवाई का साइड इफेक्ट हुआ है। राजकुमारी साहू को उल्टी, बुखार व चक्कर आने की शिकायत है।

कोई परेशानी नहीं है

एएनएम उप स्वास्थ्य केंद्र भांठागांव सुशीला मानिकपुरी ने बताया कि मितानिनों ने एक-दो महिला को धोखे से एक्सपायरी दवाई दे दी है। किसी को कोई परेशानी नहीं है।