
चुनाव में ड्यूटी लगने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों की पूरी हिस्ट्री दर्ज होगी निर्वाचन आयोग के साफ्टवेयर में
राजनांदगांव. साल के अंत में होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। चुनाव के लिए अफसरों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाए जाने के लिए जिले भर के शासकीय कर्मचारियों की सूची यहां निर्वाचन कार्यालय ने मंगाई है। करीब 20 से 25 विभागों ने अब तक निर्वाचन कार्यालय को अपने कर्मचारियों की सूची नहीं सौंपी है। ऐसे विभागों को रिमाइंडर भेजा गया है। चुनाव कार्य में 12 से 15 हजार कर्मचारी सीधे तौर पर जुड़ेंगे। विभागों से सूची मिल जाने के बाद इस सूची को निर्वाचन कार्यालय से आने वाले विशेष साफ्टवेयर में दर्ज किया जाएगा। उम्मीद है कि निर्वाचन कार्यालय से 10 जुलाई तक साफ्टवेयर यहां आ जाएगा। साफ्टवेयर मिल जाने के सप्ताह भर बाद नामों की इंट्री किए जाने का काम शुरू हो जाएगा।
जिन विभागों ने नाम नहीं भेजे हैं, उनको रिमांडर भेजा गया
छत्तीसगढ़ में चौथी बार विधानसभा का चुनाव इस साल नवम्बर के अंत में होना संभावित है। चुनाव को लेकर निर्वाचन से जुड़ा विभाग तैयारी में जुट गया है। इस बार चुनाव के लिए थर्ड जनरेशन की नई इव्हीएम मशीनें यहां पहुंच चुकी हैं जबकि चुनाव के कार्य में लगने वाले हजारों की संख्या में शासकीय कर्मचारियों की डाटा इंट्री का काम भी इस महीने शुरू हो जाएगा। इसके लिए जिले भर के शासकीय विभागों से नाम मंगा लिए गए हैं। जिन विभागों ने नाम नहीं भेजे हैं, उनको रिमांडर भेजा गया है। इन नामों की इंट्री के लिए साफ्टवेयर का इंतजार यहां हो रहा है।
वीवीपैट के लिए होगी एक की नियुक्ति
चुनाव कार्य के लिए हर मतदान केन्द्र में पांच अफसरों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इससे पूर्व हर केन्द्र में चार लोगों की ड्यूटी लगती थी। एक पीठासीन अधिकारी के अलावा मतदान केन्द्र क्रमांक एक, क्रमांक दो, क्रमांक तीन और क्रमांक चार के रूप में पांच लोग तैनात होंगे। इनमें से पीठासीन के पास कंट्रोल युनिट, क्रमांक एक के पास पर्ची, दो के पास स्याही, तीन के पास वोटर संख्या और चार के पास वीवीपैट का कंट्रोल युनिट होगा। यानि पिछले चुनाव से एक अतिरिक्त कर्मचारी वीवीपैट के लिए लगेगा। जिले की छह विधानसभा क्षेत्रों में फिलहाल १४९७ मतदान केन्द्र हैं। केन्द्र में पांच कर्मचारियों के मान से सात हजार ४ सौ ८५ कर्मचारी तो केन्द्रों में ही तैनात हो जाएंगे।
इन भूमिकाओं में भी लगेगी ड्यूटी
निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार पूरे चुनाव कार्यक्रम को निर्विध्र संपन्न करने के लिए जोनल अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट, मतदान सामग्री वितरण प्रभारी, कंट्रोल रूम प्रभारी, निर्वाचन व्यय मानिटरिंग प्रभारी, उडऩदस्ता, वीडियो निगरानी टीम, वीडियोग्राफी टीम, मतदान सामग्री संग्रहण प्रभारी सहित अन्य कई भूमिकाओं के लिए अफसरों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इन कामों में पांच हजार से ज्यादा लोगों की तैनाती होगी।
साफ्टवेयर में ये सब होगा दर्ज
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से मिलने वाले साफ्टवेयर में शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के नाम के साथ उनका पूरा ब्यौरा दर्ज होगा। जिला निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार चुनाव कार्य में लगाए जाने वाले सभी अफसरों और कर्मचारियों के नाम, पदनाम, वेतनमान, मूल निवास का पता, मतदाता सूची का विवरण, फोटो और मोबाइल नंबर इस साफ्टवेयर में दर्शाए जगह में दर्ज किए जाएंगे। दर्ज विवरण के आधार पर साफ्टवेयर कर्मचारियों को उनके मूल निवास के विधानसभा क्षेत्र से बाहर ड्यूटी के लिए नाम जारी करेगा।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Published on:
5 Jul 2018, 12:16 AM IST
बड़ी खबरें
View Allभिलाई
छत्तीसगढ़




