जानकारी के अनुसार मोड़ का निम्बाहेड़ा में संचालित भैरव ईंट भट्टे पर काम करने वाले 14 परिवारों के 71 श्रमिकों को स्वयंसेवी संस्था के सहयोग से मुक्त कराया गया। रविवार रात को की गई इस कार्रवाई के बाद श्रमिकों को आसींद पुलिस थाने लाया गया, लेकिन ईंट भट्टे के मालिक के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। सोमवार को दोपहर बाद तहसीलदार ने वहां पहुंचकर श्रमिकों के बयान लेना प्रारंभ किया। इस भट्टे पर काम करने वाले श्रमिक राम लखावन के भाई गयाप्रसाद ने यूपी के चित्रकूट जिला कलक्टर को इस संबंध में शिकायत की थी। शिकायत में उसने बताया कि भट्टे पर श्रमिकों का शोषण किया जा रहा है। वहां से चित्रकूट जिला पुलिस ने आसींद पुलिस व स्वयंसेवी संस्था को इस बारे में बताया।