मध्य प्रदेश के भिंड जिले में बुधवार को सरसों के तेल से भरा एक टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। जैसे ही यह खबर आसपास के लोगों में फैली देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। कमाल की बात तो ये है कि चंद मिनटों के भीतर ही डब्बा, बाल्टी समेत अन्य कई बर्तन लिए लोगों में तेल लूटने की होड़ मच गई। टैंकर पलटने से फैल रहे सरसों के तेल को स्थानीय लोग लूटकर ले जाने लगे। आलम ये था कि, ज्यादा से ज्यादा तेल लूटने के चक्कर में कुछ लोगों के बीच विवाद भी हुए। हालांकि, घटना की सूचना पर टैंकर मालिक और पुलिस मौके पर पहुंची, जिन्होंने स्थितियों को काबू में किया।