
केंद्रीय मंत्री अमित शाह - image- X @AmitShahOffice
Amit Shah Visit : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह भोपाल प्रवास पर हैं। वे 2 अक्टूबर को देर रात एयरपोर्ट पर आए जहां से रात्रि विश्राम के लिए होटल ताज चले गए। गृह मंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को भोपाल में अनेक कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। आधिकारिक रूप से इनमें कोई राजनीतिक बैठक शामिल नहीं है। हालांकि बीजेपी के प्रमुख रणनीतिकार के रूप में अमित शाह भोपाल में भी अपने मिशन पर लगे रहेंगे। वे यहां नारकोटिक्स पर मीडिया से रूबरू होंगे। इसी के साथ गृह मंत्री अमित शाह भोपाल में ही बैठकर पंजाब पर निशाना साधेंगे। वहां विधानसभा चुनावों में जीत के लिए बीजेपी ने नशा मुक्ति को अभियान बनाया है। इसके लिए राज्यभर में यात्रा भी निकाली। नशा मुक्त पंजाब यात्रा का समापन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ही किया था। जालंधर में हुए कार्यक्रम में उन्होंने मादक पदार्थों की खुलेआम उपलब्धता के लिए पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार पर जमकर हमला भी बोला था।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भोपाल दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब मप्र में कई सियासी समीकरण पहले से सक्रिय हैं। हाल में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मप्र आए थे। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी महज 13 दिन में 2 बार मप्र आ चुके हैं।
बीजेपी के प्रमुख रणनीतिकार के रूप में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एमपी से पंजाब पर निशाना साधेंगे। वे यहां नारकोटिक्स पर प्रेस कान्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। ऑफिस ऑफ अमित शाह द्वारा जारी किए गए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आधिकारिक प्लान के अनुसार ताज होटल में यह कार्यक्रम होगा।
बता दें कि बीजेपी ने पंजाब में विधानसभा चुनाव में जीत के लिए नशा मुक्ति अभियान चलाने पर फोकस किया है। इसके लिए पूरे प्रदेश में यात्रा निकाली जिसमें राज्य की भगवंत मान सरकार को घेरा गया। इस मुद्दे पर गृह मंत्री अमित शाह ने आम आदमी पार्टी पर हमलावर रुख अपनाया।
अमित शाह ने जालंधर में कहा कि मोदी सरकार ने नशे के तस्करों के ख़िलाफ़ PIT-NDPS का क़ानून बनाया। इसके तहत देशभर में 5000 से अधिक तस्कर जेल पहुंचाए मगर जहां सबसे अधिक नशा बिकता है, उस पंजाब में इस वर्ष एक भी कार्रवाई नहीं हुई। इस पर उन्होंने मुख्यमंत्री से जवाब मांगा। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि NCORD की बैठकों की राज्यों में मुख्यमंत्री अध्यक्षता करते हैं पर पंजाब सरकार ने 3 वर्षों में इसकी एक भी बैठक नहीं बुलाई। उन्होंने कहा कि जो दिल्ली में शराब घोटाले में पकड़े गए हों, वे पंजाब को नशा मुक्त नहीं कर सकते। गृह मंत्री अमित शाह ने यह भी कहा कि हम पंजाब के युवाओं और माताओं का भविष्य बर्बाद नहीं होने देंगे। राज्य का हर हाल में नशा मुक्त करेंगे।
पंजाब को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू हुई भाजपा की #NashaMuktPunjabYatra के जालंधर में हुए समापन कार्यक्रम में पंजाबवासियों ने ‘आप-दा’ सरकार को हटाकर नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज भोपाल में नवीन न्याय संहिता पर राज्यस्तरीय प्रदर्शन का शुभारंभ करेंगे। दशहरा मैदान पर यह कार्यक्रम 11 बजे प्रारंभ होगा। यहीं गोपालक सम्मेलन भी होगा। इस राज्यस्तरीय सम्मेलन में 35 हजार से ज्यादा लोगों के आने का दावा किया जा रहा है। दशहरा मैदान से गृह मंत्री अमित शाह ताज होटल के लिए रवाना हो जाएंगे। यहां वे 2 बजे से गृह मंत्रालय से संबंधित विभिन्न कार्यों के लिए बैठक लेंगे। होटल ताज में ही केंद्रीय मंत्री अमित शाह नारकोटिक्स पर प्रेस कान्फ्रेंस को संबोधित करेंगे।
Updated on:
03 Oct 2026 08:43 am
Published on:
03 Oct 2026 08:43 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
