
#LIVE
(आलोक पंड्या की रिपोर्ट)
भोपाल। मध्यप्रदेश में 24 फरवरी को होने वाले उप चुनाव के लिए मुख्यमंत्री निवास पर भाजपा की अहम बैठक हुई, जिसमें मुंगावली और कोलारस के भाजपा प्रत्याशियों की घोषणा हो गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नंद कुमार सिंह चौहान ने मंगलवार को दोपहर 3 बजे इसकी औपचारिक घोषणा कर दी।
अशोकनगर जिले की मुंगावली से बाई साहब यादव और शिवपुरी जिले की कोलारस विधानसभा सीट पर देवेंद्र जैन को उपचुनाव में उतारा है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंहचौहान ने कहा कि प्रदेश भाजपा ने दोनों का नाम तय कर अनुमोदन के लिए दिल्ली भेजा है। नामों का ऐलान दिल्ली से केंद्रीय चुनाव समिति करेगी।
इससे पहले मंगलवार को दोपहर में मुख्यमंत्री निवास पर अहम बैठक शुरू हुई, जिसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान , भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान, संगठन महामंत्री सुहास भगत विशेष रूप से मौजूद थे। इस अहम बैठक में मुंगावली और कोलारस उप चुनाव के प्रत्याशियों के नामों पर विचार किया गया।
इन्हें मिल सकती है टिकट
मुंगावली से बाई साहब का नाम तय हो गया। कोलारस से देवेंद्र जैन और वीरेंद्र रघुवंशी के नामों पर चर्चा हुई, जिसमें देवेंद्र जैन का नाम तय कर दिया गया। दोपहर तीन बजे प्रदेश अध्यक्ष नंद कुमार सिंह चौहान इन प्रत्याशियों में से चयनित उम्मीदवार का नाम घोषित कर दिया।
कांग्रेस मार चुकी है बाजी
इससे पहले कोलारस और मुंगावली उप चुनाव के लिए कांग्रेस पहले ही अपने उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। कांग्रेस ने कोलारस से महेंद्र सिंह यादव को अपना प्रत्याशी बनाया है, वहीं ब्रजेश सिंह यादव को मुंगावली से टिकट दिया गया है।
दोनों ही सीटों पर थे कांग्रेस के विधायक
अशोक नगर की मुंगावली और शिवपुरी की कोलारस सीट पर कांग्रेस के विधायक थे। दोनों के निधन के बाद यह सीट खाली हो गई थी। कोलारस से कांग्रेस विधायक राम सिंह यादव का 18 अक्टूबर 2017 को निधन हो गया था। जबकि मुंगावली से कांग्रेस विधायक महेंद्र सिंह कालूखेड़ा का निधन 11 सितंबर को हो गया था।
दोनों ही सीटों पर कांग्रेस का दबदबा
इन दोनों ही सीटों पर कांग्रेस का दबदबा रहा है। इन सीटों को कांग्रेस की परंपरागत सीट माना जाता है। यहां ज्योतिरादित्य सिंधिया का खासा प्रभाव है। इसलिए भाजपा ऐसे प्रत्याशी उतारना चाहती है जिससे वो कांग्रेस की परंपरागत सीट को उससे छीन ले।
24 को मतदान, 28 को रिजल्ट
इस उप चुनाव में 24 फरवरी को मत डाले जाएंगे। इसके बाद 28 फरवरी को मतगणना होगी, जिसके परिणाम दोपहर 12 बजे तक स्पष्ट हो जाएंगे। चुनाव आयोग ने पिछले हफ्ते शुक्रवार को ही चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की थी। आयोग के मुताबिक 30 जनवरी को अधिसूचना जारी होगी। नामांकन 6 फरवरी तक भरे जाएंगे। 7 फरवरी को परीक्षण होगा और नौ फरवरी तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
Updated on:
30 Jan 2018 03:40 pm
Published on:
30 Jan 2018 03:07 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
