2 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Election 2018: ये हैं कांग्रेस का नया प्लान, ऐसे टटोलेगी जनता की नब्ज

दिग्गज नेताओं की तय होगी जिम्मेदारी...
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

भोपाल

•

image

Deepesh Tiwari

•

Updated: 9 Jan 2018, 11:04 AM IST

PCC bhopal

भोपाल. चुनावी साल शुरू होते ही प्रदेश में सियासत गरमाने लगी है। अब कांग्रेस नेता प्रदेश भर में यात्राएं शुरू करेंगे, जो क्षेत्रीय स्तर पर होंगी। इसकी जिम्मेदारी प्रदेश के दिग्गज नेताओं को मिलेगी। यात्रा का समय और नेताओं की जिम्मेदारी पार्टी स्तर पर तय होगी। यात्राओं का मकसद चुनावी वर्ष में जनता की नब्ज टटोलना होगा।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पिछले तीन माह से नर्मदा परिक्रमा कर रहे हैं। छह माह की इस यात्रा में उन्हें ३५०० किलोमीटर सफर तय करना है। पत्नी संग परिक्रमा कर रहे सिंह इसे धार्मिक मान रहे हैं, लेकिन इसके राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं। क्योंकि मप्र वह गुजरात की 140 विधानसभा क्षेत्रों को यह यात्रा कवर कर रही है।

इसमें मप्र के 114 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। यह यात्रा समाप्त होने के पहले कांगे्रस के अन्य नेताओं की यात्राएं शुरू हो जाएंगी। इसमें पूर्व केन्द्रीय मंत्री कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव, नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह सहित अन्य नेताओं को क्षेत्रीय स्तर पर जिम्मेदारी देंगे।

इधर,कांग्रेस का आरोप-भाजपा परोस रही राजनीतिक आतंकवाद
सेंधवा नगर पालिका चुनाव हिस्ट्रीशीटरों के परिजनों को भाजपा द्वारा टिकट दिए जाने पर कांग्रेस ने आड़े हाथों लिया है। प्रदेश कांगे्रस अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा है कि 'पार्टी-विद-ए-डिफरेंस' और नैतिक मूल्यों की कथित दुहाई देने वाली भाजपा अब प्रदेश में राजनीतिक आतंकवाद परोस रही है।

एेसा करने के पीछे कहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का उस कथन का पालन तो नहीं है, जिसमें उन्होंने कहा था कि हमें जीत चाहिए, चाहे उसे कैसे भी हासिल करना पड़े। अरुण यादव ने कहा कि गुजरात चुनाव के बाद अपनी सामने आई स्थितियों से भाजपा भयभीत है। कांग्रेस पार्टी प्रदेश में होने जा रहे नगरीय निकायों के चुनाव और मुंगावली व कोलारस विधानसभा उपचुनाव में अपनी विजय पताका फहराएगी।

बताएंगे सरकार और योजनाओं का सच
कांग्रेस की संभाग, जिला स्तर से शुरू होने वाली यात्राएं तहसील, कस्बा और गांव-गांव तक होंगी। इस दौरान पार्टी आमजन के और करीब पहुंचेगी। जनसभा, नुक्कड़ सभाओं सहित अन्य माध्यमों के जरिए सरकार और सरकारी योजनाओं का सच बताया जाएगा।

नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि बैठक में यात्रा पर चर्चा तो हुई, लेकिन अभी तिथि तय होना शेष है। इसमें अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित किए जाने का प्रयास होगा।

दिल्ली मंथन के दौरान बनी रूपरेखा
रविवार को दिल्ली में प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया की मौजूदगी में हुए मंथन में यात्राओं की रूपरेखा बनी। बावरिया ने चुनावी रणनीति सहित संगठन की गतिविधियों पर चर्चा के लिए प्रदेश के दिग्गजों के साथ मंथन किया था।

नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा, वे यात्रा शुरू करना चाहते हैं। इस पर तय हुआ कि एक नेता क्यों प्रदेश के सभी नेता यात्रा शुरू करें, बल्कि यात्राओं की श्रंृखला शुरू की जाए, जो विधानसभा चुनाव तक चले। सुझाव सभी को पसंद आया। किस नेता को किस क्षेत्र की जिम्मेदारी दी जाए, इसका निर्णय प्रदेश प्रभारी पर छोड़ दिया गया। अगली बैठक में इसका पूरा खाका तैयार हो जाएगा।

परिक्रमा के बाद प्रदेश का दौरा करेंगे सिंह
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह इस परिक्रमा के बाद प्रदेश का दौरा करेंगे। उनके पुत्र एवं राघौगढ़ से विधायक जयवर्धन सिंह ने इसकी पुष्टि की है। मालूम हो कि नर्मदा परिक्रमा के दौरान प्रदेश के कोने-कोने से दिग्विजय समर्थक यात्रा में पहुंचे हैं, लेकिन धार्मिक यात्रा होने से सियासी चर्चा नहीं हो सकी। समर्थकों के बीच दौरे करके दिग्विजय एक बार फिर मध्यप्रदेश की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।