
कोरोना वायरस का असर : 300 फीसदी तक महंगी हुई स्मार्टफोन रिपेयरिंग, बड़ा व्यापार प्रभावित
भोपाल/ दुनियाभर में अपने प्रभाव से लोगों में दहशत पैदा कर देने वाले कोरोना वायरस का असर व्यापार पर भी साफतौर पर दिखाई देने लगा है। चीन से क्रय किया जाने वाला सामान वायरस के चलते न आने के चलते कई चीजें महंगी हुई हैं, जिसका असर आम व्यक्ति पर पड़ने लगा है। इसका खास असर इलेक्ट्रॉनिक्स पर पड़ा है। उदाहरण के तौर पर स्मार्टफोन लगभग हर व्यक्ति के पास है, लेकिन चीन से पर्याप्त सामान न आ पाने के कारण इसके पार्ट्स महंगे हुए हैं। कई फोन्स की रिपेयरिंग का खर्च तो 300 फीसदी तक बढ़ा है। इसके अलावा स्मार्टफोन का जो डिस्प्ले कुछ दिनों पहले तक 1200 रुपए में मिल जाता था, वो अब 2000 रुपए या उससे भी महंगा मिल रहा है। यानी पहले के मुकाबले इसमें ही 67 फीसदी बढ़ोतरी हुई है।
पढ़ें ये खास खबर- ठंड का कहर : सीवियर कोल्ड डे की चपेट में आए कई शहर, अभी और गिरेगा तापमान
बाजार प्रभावित होने का कारण
बात अगर राजधानी की करें तो, यहां स्मार्टफोन रिपेयरिंग की करीब 1000 दुकानें हैं। शहर के हमीदिया रोड, घोड़ा नक्कास में मोबाइल एसेसरीज की थोक दुकानें हैं। इसके अलावा शहर भर के हर इलाकें में एक-दो मोबाइल रिपेयरिंग और एसेसरीज की दुकाने हैं। शहर के थोक बाजार घोड़ा नक्कास के थोक व्यापारी अनिल देशमुख ने बताया कि, इस बाजार से शहर ही नहीं, बल्कि प्रदेश के कई जिलों में मोबाइल एसेसरीज की सप्लाई की जाती है। बाजार में मौजूद सभी थोक व्यापारी चीन से एसेसरीज, रिपेयरिंग पार्ट्स समेत अन्य चीजों की खरीदारी करते हैं। ट्रैंड के अनुसार, जो भी नया सामान आता है, उसकी खरीदारी के लिए यहां से रोजाना व्यापारियों की चीन आवाजाही बनी रहती है। लेकिन चीन में फैले कोरोना वायरस के चलते पिछले करीब देढ़ माह से हर व्यापारी चीन यात्रा करने से कतरा रहा है। इसलिए चीन से किया जाने वाला व्यापार पूरी तरह ठप है। यही कारण है कि, चीजों के दामों में इतना उछाल आया है।
आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स पर भी वायरस का असर
ये समस्या सिर्फ मोबाइल एसेसरीज और रिपेयरिंग पार्ट्स के लिए ही नहीं बनी है, बल्कि आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स के सामान पर भी इसका खास असर पड़ा है। आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स के थोक विक्रेता अनिल नायर ने बताया कि डेस्कटॉप और लैपटॉप में काम आने वाले एसएसडी कार्ड और रैम की कीमतों में 20 से 30 फीसदी तक बढ़ोतरी हुई है। नायर के मुताबिक, जनवरी में चीन के नए साल का जश्न मनाया गया। इस दौरान वहां के व्यापारी बाजार बंद रखते हैं। इसके बाद अब कोरोना वायरस के कारण व्यापार प्रभावित हुए हैं।
फिलहाल उद्योग पर नहीं इसका असर
मध्य प्रदेश के एफएमपीसीसीआई अध्यक्ष डॉ. आरएस गोस्वामी के मुताबिक, चीन से आवाजाही में रोक का असर सिर्फ उन चीजों में दिखाई दे रहा है जिन्हें व्यापारी या तो खुद जाकर माल लाते हैं या फिर किसी अन्य व्यापारी से माल मंगाते हैं। फिलहाल, चीन से कंटेनरों के माध्यम से इम्पोर्ट बराबर जारी है, लेकिन इन व्यापारियों को वहां जाकर ट्रेंड के अनुरूप चीजें लाना होती हैं। इसलिए इन्हें खुद ही चीन जाना पड़ता है। फिलहाल, इसका असर अभी उद्योगों पर नहीं पड़ा है। लेकिन, स्थितियां बिगड़ने पर उसका असर उद्योगों पर भी दिखाई देगा।
चीन से उद्योग यह मंगाते हैं
-भेल: मेटल शीट, क्वाइल, कॉपर वायर
-एचईजी: ग्रेफाइट इलेक्ट्रोड बनाने के काम आने वाला सीपीसी कोक
- फार्मा इंडस्ट्रीज: बेसिक ड्रग्स
Published on:
10 Feb 2020, 5:42 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.